search

शादी से इनकार पर सनसनीखेज वारदात, वैशाली के बिदुपुर में घर में घुसकर लड़की को मारी गोली, पीएमसीएच रेफर

cy520520 2025-12-15 14:38:07 views 910
  

वैशाली के बिदुपुर में घर में घुसकर लड़की को मारी गोली



जागरण संवाददाता, हाजीपुर(वैशाली)। वैशाली जिले के बिदुपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत खिलवत गांव में शादी करने से इनकार करना एक युवती के लिए जानलेवा साबित होते-होते बचा। रविवार की देर रात युवती के दूर के रिश्तेदार ने घर में घुसकर उसे गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल युवती को प्राथमिक इलाज के बाद पहले सदर अस्पताल और फिर बेहतर उपचार के लिए पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल (पीएमसीएच) रेफर कर दिया गया है। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

घायल युवती की पहचान खिलवत गांव निवासी स्वर्गीय कृष्ण सिंह की 25 वर्षीय पुत्री संध्या कुमारी के रूप में हुई है। बताया गया है कि हमलावर ने संध्या को दो गोलियां मारी हैं। एक गोली उसके दाहिने हाथ की कलाई में लगी है, जबकि दूसरी गोली दाहिनी तरफ कमर के पास लगी है।

गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुट गए और स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवती को इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बिदुपुर ले जाया गया।

वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे सदर अस्पताल हाजीपुर भेजा, जहां से उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए पीएमसीएच रेफर कर दिया गया।

घायल संध्या कुमारी ने बताया कि गोली मारने वाला उसका दूर का रिश्तेदार अजय कुमार है, जो बख्तियारपुर का रहने वाला है। उसने आरोप लगाया कि अजय कुमार अपने चार-पांच अन्य साथियों के साथ मुंह में कपड़ा बांधकर घर में घुसा और उस पर फायरिंग की।

संध्या के अनुसार, अजय कुमार उससे जबरन शादी करना चाहता था, लेकिन लड़की के इनकार करने पर वह लगातार धमकी दे रहा था।

मिली जानकारी के अनुसार, अजय कुमार संध्या के बगल के चचेरे भाई राजा सिंह की पत्नी के बुआ का भाई है और वह अक्सर अपनी बहन के घर खिलवत गांव आता-जाता था।

इसी दौरान उसकी पहचान संध्या कुमारी से हुई। धीरे-धीरे उसने शादी के लिए दबाव बनाना शुरू कर दिया। संध्या ने बताया कि वह अजय को पसंद नहीं करती थी और साफ तौर पर कह चुकी थी कि वह अपने घरवालों की मर्जी से ही शादी करेगी।

इसके बावजूद आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देता था। एक बार पहले भी उसने बंदूक दिखाकर डराया था और चेतावनी दी थी कि अगर किसी को बताया तो पूरे परिवार को मार देगा।

घायल युवती ने बताया कि बीते चार महीनों से आरोपी उसे लगातार परेशान कर रहा था। फोन करने पर गाली-गलौज करता था और शादी के लिए दबाव डालता था।

घटना की रात अजय कुमार ने दरवाजे पर आकर किसी दूसरे का नाम लेकर दरवाजा खुलवाया। जैसे ही दरवाजा खुला, उसने दो राउंड फायरिंग कर दी। गोली खत्म होने के बाद वह अपने साथ आए एक अन्य व्यक्ति से फिर गोली मांग रहा था।

संध्या की मां ने भी बताया कि अजय कुमार करीब पांच अन्य बदमाशों के साथ घर में घुसा था और सभी के मुंह कपड़े से ढंके हुए थे। गोली लगते ही उनकी बेटी बेहोश होकर जमीन पर गिर गई, जिसके बाद सभी बदमाश मौके से फरार हो गए।

उन्होंने बताया कि आरोपी पहले भी उनकी बेटी को गोली मारने की धमकी दे चुका था।

घटना की सूचना मिलते ही बिदुपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि घायल युवती के बयान के आधार पर कार्रवाई की जा रही है और आरोपियों की तलाश के लिए छापेमारी की जा रही है।
like (0)
cy520520Forum Veteran

Post a reply

loginto write comments
cy520520

He hasn't introduced himself yet.

510K

Threads

0

Posts

1510K

Credits

Forum Veteran

Credits
153737