LHC0088 • 2025-12-5 01:09:58 • views 206
चक्रधरपुर स्टेशन पर लगा एलईडी स्क्रीन पर महाभारत सीरियल देख रहे रेलकर्मी।
जागरण संवाददाता, चक्रधरपुर। चक्रधरपुर रेल मंडल में संसाधनों के दुरुपयोग का उदाहरण रेलवे मुख्यालय स्थित चक्रधरपुर स्टेशन पर साफ देखा जा सकता है। लाखों रुपये खर्च कर यात्रियों की सुविधा के लिए लगाए गए अत्याधुनिक उपकरण यहां शोभा की वस्तु बने हुए हैं। स्थिति यह है कि स्टेशन के मुख्य द्वार पर तीन महीने पहले लगाया गया विशाल एलईडी स्क्रीन का लाभ यात्रियों को नहीं मिल रहा है। अधिकारियों ने दावा किया था कि इस एलईडी स्क्रीन के माध्यम से यात्रियों को ट्रेन संचालन, समय सारणी और अन्य महत्वपूर्ण जानकारी वास्तविक समय में उपलब्ध कराई जाएगी। लेकिन इसके उलट स्क्रीन पर ज्यादातर समय बिना आवाज के महाभारत सीरियल का एक ही एपिसोड बार-बार चलाया जा रहा है। यात्रियों का कहना है कि यह जनता के पैसों की खुली बर्बादी है। जहां इस स्क्रीन से ट्रेन संबंधी सूचना मिलनी चाहिए थी, वहीं इसे मनोरंजन का माध्यम बना दिया गया है, वह भी बिना ध्वनि के। यात्रियों का आरोप है कि मंडल के अधिकारी ट्रेन संचालन में सुधार करने के बजाय अपने दायित्व से बच रहे हैं। प्रतिदिन कई यात्री ट्रेनें देरी से चल रही हैं, दर्जनों ट्रेनें रद्द हो रही हैं, जबकि कुछ का मार्ग अचानक बदल दिया जाता है। यात्रा से जुड़ी ऐसी अनिश्चितता के बीच एलईडी स्क्रीन पर सूचनाएं दिखाने के बजाय सीरियल चलाना यात्रियों के साथ व्यवहारिक परेशानियाँ बढ़ा रहा है। सिर्फ एलईडी स्क्रीन ही नहीं, स्टेशन का लगेज स्कैनर भी कई महीनों से बंद पड़ा है। हाल ही में दिल्ली में आतंकी धमाके के बाद रेलवे ने देशभर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए थे, लेकिन चक्रधरपुर स्टेशन पर सुरक्षा उपकरणों की मरम्मत तक नहीं कराई गई है। माल ढुलाई के मामले में भारतीय रेल में अग्रणी भूमिका निभाने वाला यह मंडल मुख्यालय अपने ही स्टेशन की सुरक्षा सुनिश्चित करने में असफल दिखाई दे रहा है। यात्रियों का कहना है कि मंडल के अधिकारी यात्री सुविधाओं की उपेक्षा कर केवल माल ढुलाई पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं।
विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें |
|