संवाद सहयोगी, मुंगेर। योगनगरी (मुंगेर) की महिलाओं के लिए अब सुरक्षित व आरामदायक सफर की नई शुरुआत होने जा रही है। सरकार की महत्वाकांक्षी योजना के तहत जिले में जल्द ही पिंक बस सेवा शुरू की जा रही है। इस सेवा के तहत पहले चरण दो बसें मुहैया कराई गई हैं। महिलाओं की सुरक्षा, सुविधा और सुलभ यात्रा को ध्यान में रखते हुए तैयार की गई यह व्यवस्था जिले में नई उम्मीदों को जन्म दे रही। विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें
बसें मुंगेर से जमालपुर और जमालपुर से बरियारपुर मार्ग पर दिनभर निर्धारित समय पर चलेंगी। खास बात यह है कि इन बसों का किराया दूसरे यात्री वाहनों की तुलना में काफी कम रखा गया है। मुंगेर से जमालपुर के लिए 18 रुपये और मुंगेर से बरियारपुर के लिए 27 रुपये देने होंगे।
इससे छात्राओं, नौकरीपेशा महिलाओं, बाजार जाने वाली महिलाओं एवं आम परिवारों की महिलाओं को बड़ी राहत मिलेगी। स्थानीय महिलाओं और छात्राओं ने बताया कि पिंक बस सेवा शुरू होने से उन्हें सुरक्षित यात्रा का भरोसा मिलेगा।
अभी तक शाम के समय या भीड़भाड़ वाले रूट पर उन्हें काफी असुविधाओं का सामना करना पड़ता था। कई महिलाएं इस वजह से अकेले यात्रा करने से बचती थीं। पिंक बसों में महिलाओं के लिए सुरक्षित सीटें, आवश्यक सुविधाएं और स्वच्छ माहौल उपलब्ध रहेगा।
परिवहन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि महिलाओं की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है। बस में जीपीएस व्यवस्था, सीसीटीवी तथा महिला कंडक्टर की तैनाती रहेगी। जिससे सेवा और अधिक सुरक्षित बन सके। इसके अलावा बसों के स्टाप ऐसे स्थानों पर बनाए जाएंगे, जहां महिलाओं को आसानी से चढ़ने-उतरने की सुविधा मिल सके।
आधी आबादी को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कदम
स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी सरकार के इस कदम को सराहा है। उनका कहना है कि पिंक बस सेवा योगनगरी की आधी आबादी को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में अहम कदम है। इससे महिलाएं न सिर्फ सुरक्षित यात्रा कर पाएंगी, बल्कि शिक्षा, नौकरी और अन्य दैनिक कार्यों में भी उनकी भागीदारी बढ़ेगी।
महिलाओं ने उम्मीद जताई है कि भविष्य में इस सेवा का दायरा और बढ़ेगा तथा अन्य रूटों पर भी पिंक बसें चलाई जाएंगी। फिलहाल मुंगेर और जमालपुर मार्ग पर इसकी शुरुआत से पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। बसों का परिचालन सुबह आठ से शाम पांच के बीच होगा।
महिला होंगी कंडक्टर, सीसीटीवी से होगी निगरानी
पिंक बस सेवा में यात्रियों विशेषकर महिलाओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। बसों में जीपीएस के साथ साथ उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिससे यात्रा के दौरान निगरानी व्यवस्था मजबूत होगी।
पथ परिवहन निगम के प्रतिष्ठान अधीक्षक विजय कुमार ने बताया कि पिंक बस सेवा की दो बसें मुंगेर पहुंच चुकी हैं और जल्द ही इसका संचालन शुरू किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि बसों के चालक पुरुष होंगे, लेकिन कंडक्टर की जिम्मेदारी महिलाएं संभालेंगी। जिससे महिला यात्रियों में विश्वास और सुरक्षा की भावना बढ़ेगी। किराए भी निर्धारित कर दिए गए हैं।
मुंगेर से जमालपुर के लिए 18 रुपये और मुंगेर से बरियारपुर के लिए 27 रुपये लगेंगे। साथ ही महिलाओं की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए बस में सेनेटरी पैड की व्यवस्था भी की गई है। अधिकारियों का कहना है कि यह सेवा सुरक्षित, सुविधाजनक और महिला-अनुकूल परिवहन का नया विकल्प साबित होगी। |