ओडिशा में ठंड
जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। ओडिशा में अगले दो दिनों तक ठंड बढ़ेगी। रात का तापमान 2 से 3 डिसे और कम होगा।इससे ठंड तो बढ़ेगी ही कुछ स्थानों पर घना कोहरा पडे़गा। इससे दृश्यमान दूरी कम हो जाएगी। इस तरह का आकलन भुवनेश्वर मौसम विभाग ने किया है। विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें
मौसम विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक मंगलवार को 15 स्थानों का तापमान 15 डिग्री से नीचे रहा जबकि बुधवार को 20 स्थानों पर रात का तापमान 15 डिग्री से कम दर्ज किया गया।इनमें से 6 जगहों पर तापमान 10 डिग्री से भी कम दर्ज किया गया।
ठंड ने 71 साल का रिकॉर्ड तोड़ा
झारसुगुड़ा में ठंड ने 71 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है।यहां 8.1 डिग्री तापमान दर्ज किया गया, जो नवंबर महीने में अब तक का सबसे कम तापमान है।इससे पहले 30 नवंबर 1970 को 8.4 डिग्री दर्ज हुआ था।
उस वर्ष नवंबर महीने में चार बार सबसे कम ठंड महसूस हुई थी।बुधवार रात यह रिकॉर्ड टूट गया।यहां रात का तापमान सामान्य से लगभग 6.2 डिग्री कम रहा।
इसी तरह जी. उदयगिरी में रात का तापमान सबसे कम यानी 7.4 डिग्री दर्ज किया गया।जी. उदयगिरी के बाद राउरकेला सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां पारा 7.7 डिग्री था।
सेमिलिगुड़ा में 8.6 डिग्री, किरेई में 9.3, दारिंगीबाड़ी में 9.5, अनुगुल में 10, केंदुझर में 10.3, फुलवाणी में 10.5, सुंदरगढ़ में 10.6, ढेंकानाल में 11.6, संबलपुर और भवानीपटना में 13, कटक में 13.4, भुवनेश्वर में 13.5, बलांगीर, रायगढ़ा, नवरंगपुर और सोनपुर में 14, कोरापुट में 14.4, नयागढ़ में 14.6 और बालेश्वर में 14.8 डिग्री रात का तापमान दर्ज किया गया।अनुगुल में तापमान सामान्य से 4.7 डिग्री तथा कटक और सुंदरगढ़ में 2.4 डिग्री कम रहा। |