जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। ठंड शुरू होने के साथ ही अंडे की खपत बढ़ गई है। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने गुरुवार को शहर के रामपुर दोराहा बरवारा मझरा में कृत्रिम रंग लगाकर देसी अंडा बनाने वाले गोदाम पर छापा मार दिया। गोदाम में कुल 4.53 लाख रंगे अंडे, 3.56 लाख सफेद अंडे, जिन्हें रंगने के लिए रखा गया था को सीज कर दिया। विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें
अंडों का अनुमानित मूल्य करीब 3.89 लाख रुपये बताई गई। टीम ने गोदाम को सील कर दिया। अंडा गोदाम पर सुबह तीन बजे कार्रवाई की गई थी। अंडो को कत्था, चायपत्ती और सिंदूर के घोल से रंगा जा रहा था। टीम पिछले 15 दिन से गोदाम की रेकी कर रही थी।
खाद्य पदार्थों में मिलावट को लेकर सघन अभियान चलाया जा रहा है। गुरुवार सुबह सहायक आयुक्त खाद्य राजवंश प्रकाश श्रीवास्तव, खाद्य सुरक्षा अधिकारी केके यादव, प्रजन सिंह, पुलिस के साथ काशीपुर रोड रामपुर दोराहा बरवारा मझरा में अंडा गोदाम पर छापा मार दिया। छापे में गोदाम में बड़ी संख्या में सफेद अंडों को कृत्रिम रंग (आर्टिफिशियल रंग) से रंगकर उन्हें देसी अंडों जैसा रूप दिया जा रहा था।
रंगाई की प्रक्रिया गोदाम के अंदर ही खुले में की जा रही थी। खाद्य गुणवत्ता मानकों का कोई पालन नहीं किया जा रहा था। अधिकारियों ने मौके पर रंगे हुए अंडे, रंगाई में उपयोग होने वाला रंग और सफेद अंडों का ढेर बरामद किया जो, रंगे जाने के लिए तैयार रखे गए थे। मौके से मिले रासायनिक पदार्थों कत्था, चायपत्ती और सिंदूर को जब्त कर लिया।
सहायक आयुक्त खाद्य टीम के अनुसार, आर्टिफिशियल रंग से अंडों की सतह को देसी अंडों जैसा रंग देने का यह तरीका अवैध है। इससे ग्राहकों के स्वास्थ्य पर दुष्प्रभाव पड़ सकते हैं। शरीर में जाने पर संक्रमण, एलर्जी, पेट संबंधी समस्याओं होने की संभावना रहती है। गोदाम को सील करने के बाद टीम ने गोदाम संचालक के विरुद्ध कटघर थाने में तहरीर दे दी है। जिसके आधार पर पुलिस ने केस दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। बता दें कि इन दिनों बाजार में एक सफेद अंडा आठ से नौ रुपये और देसी अंडा 20 रुपये में बेचा जा रहा है।
किन दुकानों पर बिके अंडे
जांच में यह भी पता लगाया जाएगा कि इस गोदाम से रंगे हुए अंडे किन दुकानों में सप्लाई किए जा रहे थे, ताकि पूरी सप्लाई चैन को चिन्हित किया जा सके। विभागीय अधिकारियों के अनुसार, देसी अंडे सफेद अंडों की तुलना में महंगे बिकते हैं। इस वजह से कुछ कारोबारी मुनाफे के लालच में आर्टिफिशियल रंग लगाकर उपभोक्ताओं को धोखा दे रहे हैं।
सर्दियों के मौसम में बाजार में नकली और मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री बढ़ जाती है। इसलिए विभाग लगातार निगरानी बढ़ा रहा है। शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। ग्राहक यदि किसी भी प्रकार की मिलावट या संदिग्ध सामग्री देखें तो खाद्य सुरक्षा विभाग को सूचित करें। इसी क्रम में रामपुर दोराहा स्थित अंडे के गोदाम पर छापा मारा गया है। जिसमें 4.53 लाख रंगे अंडे मिले हैं। गोदाम पर सील लगा दी है।- राजवंश प्रकाश श्रीवास्तव, सहायक आयुक्त खाद्य |