हिसार: चलती एंबुलेंस में महिला ने बच्ची को जन्म दिया। फाइल फोटो
जागरण संवाददाता, हिसार। शहर के तोशाम रोड पर बालसमंद नहर और सेक्टर 9-11 पुलिस नाके बीच मंगलवार दोपहर बाद चार बजकर दो मिनट पर चलती एंबुलेंस में एक गर्भवती महिला की डिलीवरी हुई। एंबुलेंस में मौजूद एएमटी राजकुमार ने महिला की डिलीवरी करवाई। महिला ने स्वस्थ बच्ची को जन्म दिया। डिलीवरी के बाद दोनों को जच्चा-बच्चा वार्ड में भर्ती करवाया गया। दोनों स्वस्थ है। चिकित्सक और नर्सिंग आफिसर उनकी निगरानी कर रही है। विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें
प्रसव पीड़ा के चलते लेकर आ रहे थे नागरिक अस्पताल
एंबुलेंस पर तैनात एएमटी राजकुमार ने बताया कि दोपहर को तीन बजकर 19 मिनट पर एंबुलेंस चालक सतबीर सिसाय के पास काल आई। उनको कहा गया कि तोशाम रोड पर ढाणी सांकरी के पास एक ईंट भट्ठा पर रहने वाली 20 साल की महिला हरिमणी को प्रसव पीड़ा हो रही है। काल आने के बाद चालक के साथ ईंट भट्ठे पर पहुंचे।
वहां पर लोकेश मिला जिसकी पत्नी को प्रसव पीड़ा हो रही थी। फिर दर्द से कहरा रही महिला को एंबुलेंस में लिटाया और उसका उपचार शुरू किया। रास्ते में अधिक प्रसव पीड़ा होने लगी। बालसमंद और सेक्टर 9-11 पर लगे पुलिस नाके के बीच महिला की सुरक्षित डिलीवरी करवाई गई। चार बजकर दो मिनट पर डिलीवरी हुई और चार बजकर आठ मिनट पर दोनों को नागरिक अस्पताल पहुंचाया। फिर दोनों को जच्चा-बच्चा वार्ड में भर्ती करवाया गया। मां और बेटी दोनों स्वस्थ है। |