LHC0088 • 2025-11-11 02:37:48 • views 1105
प्रेस कांफ्रेंस करते मंत्री विजय चौधरी, साथ में जदयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा व मंत्री श्रवण कुमार। जागरण
राज्य ब्यूरो, पटना। Bihar Assembly Elections: जदयू के वरिष्ठ नेता व जल संसाधन मंत्री विजय चौधरी ने सोमवार को कहा कि विपक्ष का पूरा चुनाव अभियान झूठ और भ्रम पर आधारित रहा।
जदयू प्रदेश कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में उन्होंने यह बात कही। ग्रामीण कार्य मंत्री श्रवण कुमार व जदयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा भी इस मौके पर मौजूद थे।
चौधरी ने कहा कि पूरा चुनाव अभियान विपक्ष ने झूठ और फरेब के सहारे चलाया है। मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना को लेकर विपक्ष के नेता अभी भी जनता को भ्रमित करने में जुटे हैं।
इस योजना के तहत दी गयी राशि वापस लेने की बात पूरी तरह से भ्रामक और तथ्यहीन है। इसके बावजूद विपक्ष लगातार झूठ फैलाने में लगा है। विपक्ष ने वोट चोरी जैसे झूठे मुद्दे उछालकर समाज में अविश्वास का वातावरण बनाने की कोशिश की। विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें
ठोस उदाहरण नहीं दे सका विपक्ष
विशेषकर अल्पसंख्यक समाज को भ्रमित करने का प्रयास किया गया। परंतु आज तक विपक्ष एक भी ठोस उदाहरण नहीं दे पाया है, जिससे उसकी विश्वसनीयता पूरी तरह समाप्त हो चुकी है।
बिहार की जनता भलीभांति जानती है कि विकास के मुद्दे पर विपक्ष के पास कोई दृष्टिकोण नहीं है। इसलिए वह केवल अफवाह और आरोपों की राजनीति कर रहा है।
चौधरी ने कहा कि स्वतंत्र भारत के इतिहास में यह पहला उदाहरण है जब बीस वर्षों के शासनकाल के बाद भी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के प्रति जनता का विश्वास और समर्थन निरंतर बढ़ रहा है।
आमतौर पर शासनकाल बढ़ने के साथ जनविरोध पैदा होता है, लेकिन बिहार में मुख्यमंत्री की लोकप्रियता लगातार नई ऊंचाईयां चढ़ रही है। यह उनकी कार्यकुशलता, पारदर्शिता और जनसेवा की स्पष्ट प्रमाण है।
चुनाव आयोग पर आरोप लगाना दुर्भाग्यपूर्ण
जल संसाधन मंत्री ने विपक्ष द्वारा चुनाव आयोग पर लगाए जा रहे आरोपों को दुर्भाग्यपूर्ण और गैर जिम्मेदाराना बताया। उन्होंने कहा कि बिना किसी तथ्य के संवैधानिक संस्थाओं की निष्पक्षता पर सवाल उठाना विपक्ष की हताशा और पराजय की स्वीकृति है।
आने वाले चुनाव परिणाम विपक्ष के सभी झूठ, भ्रम और दुष्प्रचार को आईना दिखा देंगे। बिहार की जनता विकास, स्थिरता और सुशासन के पक्ष में एकजुट है और एनडीए की ऐतिहासिक जीत तय है। |
|