झारखंड का मौसम
जागरण संवाददाता, रांची। राजधानी रांची समेत पूरे राज्य में ठंड का असर दिनोंदिन बढ़ता ही जा रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र रांची के नए अपडेट्स में बताया जा रहा है कि 10 और 11 नवंबर को राज्य के उत्तर पश्चिमी क्षेत्र यानी पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार में शीतलहर की आशंका जताई जा रही है, इसे लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें
इसके अलावा उत्तर पूर्वी क्षेत्र यानी देवघर, दुमका, गोड्डा, पाकुड़, जामताड़ा, साहिबगंज और गिरिडीह में भी ठंड का असर बढ़ेगा। वहीं, निकटवर्ती मध्य भाग यानी रांची, रामगढ़, हजारीबाग, गुमला, बोकारो और खूंटी में गुलाबी ठंड का असर शुरू हो गया है।
अब लोग धूप का सेवन करने लगे हैं और गर्म कपड़े निकलने लगे हैं। मौसम विभाग के अनुसार 10 से 13 नवंबर तक सुबह में कोहरा या धुंध और बाद में आसमान मुख्यत: साफ रहेगा और मौसम शुष्क बना रहेगा। इस दौरान राज्य में अगले दो दिनों तक यानी 10 और 11 नवंबर के बाद न्यूनतम तापमान में धीरे धीरे 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हाेगी।
इसके बाद अगले तीन दिनों तक यानी 12, 13 और 14 नवंबर तक तापमान में कोई बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। मौसम विज्ञानी अभिषेक आनंद ने बताया कि राजधानी रांची में अगले तीन चार दिनों के दौरान तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो सकती है और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे पहुंच सकता है।
ऐसे में उन्होंने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटे के दौरान पूरे राज्य का मौसम शुष्क बना रहा। सबसे अधिक अधिकतम तापमान 31.8 डिग्री सेल्सियस चाईबासा का जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 9.6 डिग्री सेल्सियस खूंटी का रिकार्ड किया गया। वहीं, राजधानी रांची का अधिकतम 25.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 11.8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
चार दिनों तक इतना रहेगा राजधानी का तापमान
दिनांक अधिकतम तापमान (°C) न्यूनतम तापमान (°C)
10 नवंबर 2025
24
11
11 नवंबर 2025
24
10
12 नवंबर 2025
24
10
13 नवंबर 2025
24
11
|