जागरण संवाददाता, अमरोहा। आगामी दिसंबर माह में 576 ग्राम पंचायतों में मतदाता सूचियों के ड्राफ्ट का प्रकाशन किया जाएगा। इसके लिए निर्वाचन कार्यालय से तैयारी शुरू कर दी है। उसने प्रत्येक तहसील से संशोधित सूचियां तलब की है। पुनरीक्षण अभियान के बाद पंचायतों में मतदाताओं की संख्या पिछली बार की अपेक्षा इस बार बढ़ना लगभग तय माना जा रहा है। विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें
प्रशासन त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की तैयारियों में जुटा है। राज्य निर्वाचन आयोग भी रोजाना दिशा-निर्देश जारी कर रहा है। उसने चुनाव में भाग्य आजमाने वाले प्रत्याशियों के लिए खर्च की सीमा का निर्धारण कर दिया है। मतदाता सूची के वृहद पुनरीक्षण अभियान का कार्य भी पूरा हो गया है। अब प्रशासन मतदाता सूचियों के ड्राफ्ट के प्रकाशन की तैयारी में जुट गया है। पांच दिसंबर को उसका प्रकाशन किया जाएगा।
इसके बाद दावे व आपत्तियां मांगी जाएगी। प्रशासन ने चारों तहसीलों अमरोहा, हसनपुर, नौगावां सादात व मंडी धनौरा के एसडीएम से संशोधित मतदाता सूचियां उपलब्ध कराने के लिए कहा है। ताकि, उनकी छपाई का कार्य पूरा करवाया जा सके। वर्ष 2021 में हुए त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में 10,38,690 पंचायतों के मतदाता थे लेकिन, अबकी बार उनकी संख्या में इजाफा होने की संभावनाएं जताई जा रही है
आज डीएम लेंगी चुनाव संबंधित बैठक
पंचायत चुनाव की तैयारियों से संबंधित आज यानी शुक्रवार को बैठक होगी। जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स शाम करीब चार बजे कलक्ट्रेट सभागार में चारों तहसीलों के एसडीएम व निर्वाचन कार्यालय के अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ बैठक करेंगी। जिसमें चुनाव से संबंधित बिंदुओं पर चर्चा होगी।
वर्ष 2021 के ब्लाकवार मतदाताओं की संख्या
| ब्लाक | मतदाता | | अमरोहा | 1,85,433 | | मंडी धनौरा | 1,48,586 | | गजरौला | 1,41,836 | | गंगेश्वरी | 1,71,942 | | हसनपुर | 1,46,482 | | जोया | 2,44,411 | | कुल | 10,38,690 |
पांच दिसंबर को मतदाता सूचियों के ड्राफ्ट का प्रकाशन किया जाना है। इसके लिए सभी तहसीलों से संशोधित सूचियां मांगी गई है। जैसे ही मिलेंगी वैसे ही उनकी छपाई का कार्य होगा।
- कल्लू सिंह, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी। |