हलसी में चिराग पासवान की हुंकार
संवाद सूत्र, हलसी (लखीसराय)। देश को विकसित और बिहार को विकास करने वाले एक ही व्यक्ति हैं और वो हैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी। ऐसे में सभी पासवान भाईयों महागठबंधन नेताओं के झूठे वादे करेंगे, लुभाएंगे लेकिन उसके बहकावे में नहीं आना है। बिहार का विकास प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ही करेंगें। यह बातें मंगलवार को लोजपा (आर) के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने हलसी प्रखंड मुख्यालय स्थित राजकीयकृत उच्च विद्यालय हलसी में एनडीए समर्थित भाजपा प्रत्याशी सह उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा के पक्ष में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कही। विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें
उन्होंने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि पहले चरण का चुनाव प्रचार मंगलवार के शाम समाप्त हो रहा है। छह नवंबर को मतदान है तथा 14 नवंबर को परिणाम आएगा। इसमें बिहार में प्रचंड बहुमत से एनडीए की मजबूत सरकार बनेगी। यह सरकार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सोच और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के अनुभव की सरकार होगी। इसी से बिहार का विकास होगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 13 बार आ चुके हैं बिहार
उन्होंने आगे कहा 2014 से देश में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार है। उस समय से 13 बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बिहार आ चुके हैं। चुनाव की घोषणा के बाद चार बार बिहार में चुनावी सभा व रोड-शो कर चुके है। इनके नेतृत्व में 2047 तक भारत विकसित देश बन जाएगा। इसके साथ बिहार का भी विकास होगा।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के वर्ष के शासनकाल में 25 करोड़ लोगों को गरीब कल्याण योजना में शामिल किया गया। पांच लाख रुपये तक के मुफ्त इलाज की योजना चल रही है। मेरे पिताजी की देन है कि वर्तमान में 80 करोड़ लोगों को मुफ्त अनाज मिल रहा है।
बिहार सरकार ने लोगों को 125 यूनिट बिजली मुफ्त कर दिया है। रोजगार के लिए महिलाओं को 10 हजार रुपये सहायता दिया गया। चुनाव के बाद एनडीए की सरकार बनने पर रोजगार करने के लिए गरीबों को दो लाख रुपये दिए जाएंगे। इसलिए जाति, धर्म छोड़कर एनडीए के पक्ष में मतदान करें। लखीसराय से भाजपा प्रत्याशी विजय कुमार सिन्हा को वोट देकर जिताएं। सभा की अध्यक्षता लोजपा के जिलाध्यक्ष अजय कुमार सिंह ने की। |