search

Odisha News: ओडिशा में चक्रवात का खतरा, सरकार ने जारी किया अलर्ट

LHC0088 2025-10-21 20:07:38 views 983
  



जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। संभावित चक्रवात और निम्न दबाव जनित भारी बारिश की आशंका के मद्देनज़र राज्य सरकार ने सभी जिलों को सतर्क रहने के निर्देश जारी किए हैं। राजस्व मंत्री सुरेश पुजारी ने कहा है कि राज्य सरकार हर स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने बताया कि विदेशी मौसम मॉडल और भारतीय मौसम विभाग दोनों ही आने वाले दिनों में भारी बारिश की संभावना जता रहे हैं। विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

मंत्री पुजारी ने कहा कि दक्षिण ओडिशा में सबसे अधिक बारिश की संभावना है, इसलिए वहां रेड अलर्ट जारी किया गया है। वहीं तटीय जिलों को ऑरेंज अलर्ट पर रखा गया है।

उन्होंने कहा कि प्रशासन को अलर्ट मोड में रखा गया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तत्काल निपटा जा सके। बंगाल की खाड़ी में दो निम्न दबाव क्षेत्र बनने की संभावना जताई गई है। हालांकि भारतीय मौसम विभाग का कहना है कि फिलहाल चक्रवात का कोई खतरा नहीं है, लेकिन भारी वर्षा से जनजीवन प्रभावित हो सकता है।
ओडिशा पर नहीं पड़ेगा लघुचाप का बड़ा असर: मनोरमा महांती

इस बीच, भुवनेश्वर क्षेत्रीय मौसम केंद्र की निदेशक मनोरमा महांती ने बताया कि दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव अब सुदृढ़ लघुचाप में तब्दील हो गया है। यह पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ते हुए कल अवदाब (डिप्रेशन) में बदल जाएगा और उत्तर तमिलनाडु, पुडुचेरी व दक्षिण आंध्र तट की ओर अग्रसर होगा। हालांकि, इसका प्रत्यक्ष प्रभाव ओडिशा पर नहीं पड़ेगा।

महांती ने बताया कि राज्य के विभिन्न जिलों में अगले पांच दिनों तक बिजली-गर्जन के साथ हल्की से मध्यम वर्षा की संभावना है। विशेषकर दक्षिण और तटीय ओडिशा में इसका असर अधिक रहेगा। मौसम विभाग ने मलकानगिरी, कोरापुट, रायगड़ा, गजपति, कंधमाल, गंजाम, बौद्ध, नयागढ़, खुर्दा, पुरी, कटक, जगतसिंहपुर व केन्द्रापड़ा जिलों के लिए येलो वार्निंग जारी की है।

विभाग ने आगे बताया कि कल से तटीय व दक्षिण आंतरिक जिलों में बारिश का दौर शुरू होगा। इसके लिए मलकानगिरी, कोरापुट, रायगड़ा, गजपति, गंजाम, नयागढ़, पुरी, खुर्दा, कटक, जगतसिंहपुर, केन्द्रापड़ा, जाजपुर, भद्रक व बालेश्वर जिलों को येलो अलर्ट पर रखा गया है।

राजस्व मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने राहत व आपदा प्रबंधन दलों को पहले से तैयार रखा है। जरूरत पड़ी तो सभी प्रभावित इलाकों में बचाव अभियान तत्काल शुरू किया जाएगा।
like (0)
LHC0088Forum Veteran

Post a reply

loginto write comments
LHC0088

He hasn't introduced himself yet.

510K

Threads

0

Posts

1510K

Credits

Forum Veteran

Credits
156138