Bihar Chunav 2025: बिहार के डिप्टी सीएम विजय सिन्हा ने लखीसराय से नामांकन दाखिल किया।  
 
  
 
जागरण संवाददाता, लखीसराय। Bihar Chunav 2025 लखीसराय विधानसभा क्षेत्र से एनडीए समर्थित भाजपा प्रत्याशी के रूप में बुधवार को डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा ने नामांकन दर्ज कराया। इस मौके पर उनके साथ दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के अलावा उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, केंद्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह, सूर्यगढ़ा के निवर्तमान विधायक प्रह्लाद यादव आदि मौजूद थे। नामांकन के क्रम में उन्होंने नामांकन पत्र के साथ चुनावी हलफनामा दायर किया है, इसके अनुसार डिप्टी सीएम से अधिक संपत्ति उनकी पत्नी के नाम है। विजय कुमार सिन्हा के यहां एक राइफल और एक रिवाल्वर तथा 90 ग्राम सोना है तो उनकी पत्नी के पास कुल 450 ग्राम सोना, एक तवेरा व एक बोलेरो तथा एक दो पहिया वाहन भी है। वहीं विजय कुमार सिन्हा के पास एक महिंद्रा का एक्सयूवी वाहन है। उनके माध्यम से दाखिल हलफनामा में उन्होंने वित्तीय वर्ष 2025-25 में अपनी दर्शित संपत्ति 22.22 लाख रुपये तो पत्नी के नाम 65.21 लाख रुपये दिखाया है। दूसरी ओर उन्होंने अपने पास नकद 55 हजार तो पत्नी के पास 70 हजार रुपये है। इसके अलावा अचल संपत्ति के रूप में उन्होंने कुल 13800000 रुपये की संपत्ति अपने नाम तथा 28500000 रुपये की अचल संपत्ति अपनी पत्नी के नाम दर्शाया है। इसके अलावा उन्होंने अपने नाम पर कुल 2819891 रुपये का लोन तो पत्नी के नाम पर 5413818 रुपये की देनदारी भी दर्शाया है। विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें  
 
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, सम्राट चौधरी और गिरिराज सिंह रहे मौजूद  
 
लखीसराय में विजय सिन्हा के नामांकन के बाद जनसभा में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा है कि बिहार बदल गया है। दिल्ली और मुंबई की तरह पटना एयरपोर्ट चमक रहा है। यहां विकसित बिहार की झलक दिखाई पड़ रही है। पूरा बिहार सुरक्षित महसूस कर रहा है। शराबबंदी से बिहार की महिलाएं काफी खुश है। केंद्र और राज्य सरकार मिलकर हर क्षेत्र में काम कर रही है। बिहार के लोग तरक्की कर रहे हैं। बिहार को आगे बढ़ाने के लिए देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हमेशा सोचते रहते हैं। उनकी सोच और सहयोग से बिहार तरक्की की राह पर आगे बढ़ रहा है। विधानसभा चुनाव में एनडीए की फिर से सरकार बनेगी। लखीसराय के निवर्तमान विधायक सह राज्य के डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा हमेशा अपने क्षेत्र के विकास और जनता की सेवा की है।  
 
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता बुधवार को शहर के केआरके मैदान में लखीसराय विस सीट से एनडीए प्रत्याशी सह डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा के समर्थन में आयोजित चुनावी सभा को संबोधित कर रही थी। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने 11 साल के कार्यकाल में 15 लाख करोड़ की सौगात बिहार को दी है। अपने कार्यकाल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 58 बार बिहार आए हैं। यह दर्शाता है कि उन्हें बिहार से कितना प्यार है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2005 से पहले बिहार में अपराध और अराजकता छाई रहती थी। जबसे एनडीए सरकार बनी है, पूरा बिहार बदल गया और सुरक्षित महसूस कर रहा है। उन्होंने उपस्थित लोगों से बिहार में एनडीए सरकार बनाने के लिए कमल छाप पर बटन दबाने की अपील की।  
 
लखीसराय में किया रोड शो  
 
केंद्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि बिहार में राजद का 15 वर्ष इतना दागदार रहा है कि लोग उसकी कहानी सुनकर भी भयभीत हो जाते हैं। आज बदला हुआ बिहार है। आज नीति, नीयत और सरकार का बढ़ता हुआ विकास है। बिहार में रैपिड बदलाव हुआ है। विधानसभा चुनाव में एनडीए 210 से अधिक सीटों पर जीत हासिल करेगी और एनडीए की सरकार बनेगी। सभा को केंद्रीय मंत्री सह पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी, मंत्री डा. प्रेम कुमार, सूर्यगढ़ा विधायक प्रह्लाद यादव, सिकंदरा के निवर्तमान विधायक प्रफुल्ल माझी ने भी संबोधित किया तथा केंद्र और सरकार की उपलब्धियों पर चर्चा की और बिहार में एनडीए की सरकर बनने का दावा किया। इससे पहले एनडीए प्रत्याशी विजय कुमार सिन्हा के समर्थन में दिल्ली की मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शहर में रोड शो भी किया। |