पांच दिन में चार डिग्री गिर गया शहर का न्यूनतम तापमान  
 
  
 
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। ठंड के मौसम ने पांव पसार लिया है। गर्मी पर अपना प्रभाव बढ़ा दिया है। वातावरण में इसका असर दिखने लगा है। वायुमंडल में आर्द्रता का प्रतिशत कम हो रहा है, जिसके चलते हवा शुष्क हो गई है। शाम ढलते के साथ ही ओस पड़ने लगी है। विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें  
 
सूर्य से दूरी बढ़ने के बाद तापमान में गिरावट दर्ज होने लगी है। बीते तीन दिन में न्यूनतम तापमान में चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। तीन दिन पहले तक 21 डिग्री सेल्सियस के पार रिकार्ड होने वाला न्यूनतम तापमान गिरकर 17 डिग्री सेल्सियस के करीब आ गया है।   
 
मौसम विज्ञानी कैलाश पांडेय के अनुसार तापमान में गिरावट का क्रम जारी रहेगा। आने वाले कुछ दिनों में न्यूनतम तापमान 15 से 17 डिग्री सेल्सियस के बीच रिकार्ड होगा। अधिकतम तापमान भी 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास सिमट कर रह जाएगा। रात और सुबह में धुंध होगी।  
 
ग्रामीण इलाकाें में इसकी शुरुआत हो चुकी है। मंगलवार को अधिकतम तापमान 32.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड हुआ, जिसके चलते दिन में चमकीली धूप निकलने के बाद भी ठंड के मौसम का अहसास हुआ।  
 
यह भी पढ़ें- 12वीं की छात्रा अनुष्का बनीं एक दिन की थानेदार, कुर्सी पर बैठते ही किया ये काम  
 
कैलाश पांडेय ने बताया कि मौसम में बदलाव के कारण गोरखपुर और आसपास के क्षेत्र में उच्च वायुदाब क्षेत्र बन गया है। इसके चलते वायुमंडल की निचली सतह पर प्रदूषण बढ़ेगा। दीवाली में होने वाली आतिशबाजी से शहरी क्षेत्रों का एक्यूआइ (एयर क्वालिटी इंडेक्स) बढ़ेगा।  
 
मौसम विज्ञानी ने इसपर प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए संतुलित आतिशबाजी की सलाह दी है। |