LHC0088 • 2025-10-13 09:05:38 • views 1271
NDA में सीट बंटवारे के बाद उपेंद्र कुशवाहा की भावुक अपील। फाइल फोटो
डिजिटल डेस्क, पटना। बिहार विधानसभा चुनाव के लिए राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) में रविवार को सीट बंटवारे की घोषणा हुई। इस दौरान भाजपा और जदयू को 101-101 सीटें मिली हैं, जबकि जीतन राम मांझी और उपेंद्र कुशवाहा की पार्टियों को 6-6 सीटें दी गई हैं। वहीं चिराग पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) को 29 सीटें आवंटित हुई हैं। विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें
बिहार विधानसभा चुनाव में NDA में सीट फाइनल होने के बाद देर रात राष्ट्रीय लोक मोर्चा के प्रमुख और राज्यसभा सांसद उपेंद्र कुशवाहा ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों से माफी मांगी है।
राज्यसभा सांसद उपेंद्र कुशवाहा ने X पर पोस्ट शेयर करते हुए लिखा कि आप सभी से क्षमा चाहता हूं। आपके मन के अनुकूल सीटों की संख्या नहीं हो पायी। मैं समझ रहा हूं, इस निर्णय से अपनी पार्टी के उम्मीदवार होने की इच्छा रखने वाले साथियों सहित हजारों - लाखों लोगों का मन दुखी होगा।
प्रिय मित्रों/साथियों,
आप सभी से क्षमा चाहता हूं। आपके मन के अनुकूल सीटों की संख्या नहीं हो पायी। मैं समझ रहा हूं, इस निर्णय से अपनी पार्टी के उम्मीदवार होने की इच्छा रखने वाले साथियों सहित हजारों - लाखों लोगों का मन दुखी होगा। आज कई घरों में खाना नहीं बना होगा। परन्तु आप सभी… — Upendra Kushwaha (@UpendraKushRLM) October 12, 2025
उन्होंने कहा कि आज कई घरों में खाना नहीं बना होगा। परन्तु आप सभी मेरी एवं पार्टी की विवशता और सीमा को बखूबी समझ रहे होंगे। किसी भी निर्णय के पीछे कुछ परिस्थितियां ऐसी होती हैं जो बाहर से दिखतीं हैं मगर कुछ ऐसी भी होती हैं जो बाहर से नहीं दिखतीं। हम जानते हैं कि अन्दर की परिस्थितियों से अनभिज्ञता के कारण आपके मन में मेरे प्रति गुस्सा भी होगा, जो स्वाभाविक भी है।
उपेंद्र कुशवाहा ने अपने कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए लिखा कि आपसे विनम्र आग्रह है कि आप गुस्सा को शांत होने दीजिए, फिर आप स्वयं महसूस करेंगे कि फैसला कितना उचित है या अनुचित। फिर कुछ आने वाला समय बताएगा। फिलहाल इतना ही। |
|