एनडीए कैडेट का शव हॉस्टल में मिला। प्रतीकात्मक फोटो
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। राष्ट्रीय रक्षा अकादमी, (एनडीए) के प्रथम वर्ष के एक कैडेट का शव शुक्रवार तड़के त्रि-सेवा प्रशिक्षण अकादमी के छात्रावास के कमरे में फंदे से लटका मिला। पुलिस को संदेह है कि यह आत्महत्या का मामला हो सकता है। एनडीए ने कहा कि उसकी मौत की कोर्ट आफ इन्क्वायरी के आदेश दे दिए गए हैं। विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें
पुलिस के अनुसार, कैडेट अंतरिक्ष कुमार सिंह के सहपाठियों ने सुबह उसे उसके कमरे में फंदे से लटका देखा। पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटनास्थल पर कोई नोट नहीं मिला है, लेकिन प्रारंभिक जांच से आत्महत्या का मामला प्रतीत होता है।
सैन्य अस्पताल में कैडेट ने तोड़ा दम
एनडीए ने बयान में कहा कि कैडेट को उसके साथी कैडेटों ने सबसे पहले देखा। उसे तुरंत खड़कवासला के सैन्य अस्पताल ले जाया गया, जहां सुबह 6.30 बजे उसे मृत घोषित कर दिया गया।
अकादमी ने कहा कि परिजनों और स्थानीय पुलिस को सूचित कर दिया गया है और घटना के कारणों का पता लगाने के लिए कोर्ट आफ इन्क्वायरी के आदेश दे दिए गए हैं। इस दुख की घड़ी में शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करते हैं।
(न्यूज एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ) |