LHC0088 • 1 hour(s) ago • views 177
बलराज कुंडू की सुरक्षा के लिए सरकार ने दिए आधा दर्जन से ज्यादा पुलिसकर्मी (फाइल फोटो)
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। रोहतक जिले में स्थित महम विधानसभा सीट से निर्दलीय विधायक रहे बलराज कुंडू की सुरक्षा की मांग की याचिका पर सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट को बताया गया कि कुंडू के घर की सुरक्षा के लिए एक एएसआई व चार पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं।
इसके अलावा कुंडू को तीन पीएसओ भी दिए गए हैं। कोर्ट को बताया गया कि इस मामले की चंडीगढ़ पुलिस जांच कर रही है व हरियाणा में जीरो एफआईआर दर्ज की गई है। सभी पक्षों को सुनने के बाद कोर्ट ने चंडीगढ़ पुलिस को चार सप्ताह के भीतर इस मामले में जवाब दायर करने का आदेश दिया है।
इस मामले में दायर याचिका में कोर्ट को बताया गया कि बलराज कुंडू के मोबाइल फोन पर पुर्तगाल से फोन आया और फिर वॉयस मैसेज भेजकर दो दिन के भीतर पांच करोड़ रुपये का बंदोबस्त करने की धमकी दी गई। फोन करने वाले ने खुद का नाम महेंद्र बताया और कहा कि वह रोहित गोदारा गैंग का सदस्य है। उसने कहा कि पैसे नहीं मिलने पर वह पूर्व विधायक समेत उनके पूरे परिवार को जान से मार देगा।
याचिका में बताया गया कि इस धमकी के बाद पूर्व विधायक ने रोहतक के पुलिस अधीक्षक और रेंज आईजी को इसकी सूचना दी। इसके साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल को पत्र लिखकर सुरक्षा मांगी।
बलराज कुंडू ने कहा कि जब राज्य में जनप्रतिनिधि ही सुरक्षित नहीं हैं तो फिर आम जनता की सुरक्षा की परिकल्पना कैसे की जा सकती है। बलराज कुंडू ने मुख्यमंत्री व डीजीपी को भेजे पत्र में लिखा है कि उनकी धर्मपत्नी और बेटा भी हरियाणा जनसेवक पार्टी के सक्रिय सदस्य हैं। इसलिए उनकी जान को भी खतरा बना हुआ है।
कुंडू ने जिक्र किया कि इनेलो अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक अभय सिंह चौटाला को भी ऐसी धमकियां मिली, जिसके बाद उनकी सुरक्षा बढ़ाई गई। हाईकोर्ट ने याचिका पर सुनवाई करते हुए सभी पक्षों को नोटिस जारी कर जवाब दायर करने का आदेश दिया था।  |
|