जागरण संवाददाता, कानपुर। बिधनू भवानीपुर गांव में किसान नगर रोड स्थित देशी शराब ठेके में बुधवार देर रात शराब देने से मना करने पर आधा दर्जन अज्ञात युवकों ने सेल्समैन व उसके सहयोगी की बेरहमी से पिटाई कर दी।
गंभीर रूप से घायल दोनों को पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान सहयोगी की मौत हो गई। वहीं सेल्समैन की स्थिति खतरे से बाहर है। पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के साथ सीसीटीवी खंगालन कर आरोपितों की पहचान व तलाश कर रही है।
भवानीपुर गांव स्थित देशी शराब ठेके पर फतेहपुर के चांदपुर कुलखेड़ा निवासी 55 वर्षीय पवन तिवारी सेल्समैन हैं। जिनके साथ सहयोगी के रूप में भवानीपुर निवासी 55 वर्षीय उदय सिंह उर्फ बाबा भी ठेके पर रहते हैं।
बुधवार देर रात पास स्थित कई गेस्ट हाउस में चल रहे शादी समारोह से आए करीब आधा दर्जन युवक ठेके पर पहुंचे और शराब की मांग करने लगे। जिसपर पवन व उदय ने निर्धारित समय जे बाद देर रात शराब न देने की बात कही।
जिसपर आरोपित गाली गलौज करने लगे। जिसपर पवन व उदय ठेके से बाहर निकल विरोध करने लगे। दोनों के बाहर आते ही आरोपित लात घूसों व डंडे से दोनों को पीटने लगे।
मरणासन्न हालत में छोड़कर हमलावर मौके से फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को सीएचसी बिधनू में भर्ती कराया। जहां से दोनों को एलएलआर अस्पताल रेफर कर दिया गया।
जहां गुरुवार सुबह उदय सिंह की उपचार के दौरान मौत हो गई। वहीं सेल्समैन पवन की हालत खतरे से बाहर है।
पुलिस ने पवन के भाई रितेश तिवारी की तहरीर पर अज्ञात लोगों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या समेत कई धराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही शराब ठेके के सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आसपास स्थित गेस्ट हाउस में आरोपितों की पहचान व तलाश कर रही है।
थाना प्रभारी तेज बहादुर सिंह ने बताया कि अज्ञात आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाले जा रहे है। आरोपितों की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे  |