जागरण संवाददाता, गजरौला। शहर में निकले राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के पथ संचलन पर पुष्पवर्षा करना सपा के नगराध्यक्ष कामिल मंसूरी को भारी पड़ गया। इस कार्य को करने पर पार्टी के जिलाध्यक्ष ने उन्हें तत्काल प्रभाव से निष्कासित कर दिया है। अब जल्द ही संगठन की बैठक आयोजित होगी, फिर नए नगराध्यक्ष पर विचार किया जाएगा। विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें
पांच अक्टूबर को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के अवसर पर नगर इकाई की ओर से अभूतपूर्व पथ संचलन का आयोजन हुआ था। थाना चौराहे पर नगर पालिका सभासद सरताज अहमद उर्फ कलवा व सपा के नगराध्यक्ष कामिल मंसूरी के नेतृत्व में मुस्लिमों ने संचलन पर पुष्प वर्षा की थी।
यह पथ संचलन पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अलग अंदाज में भी निकला था। क्योंकि चारों स्थानों पर एक ही समय में प्रार्थना हुई और एक ही समय में पथ संचलन शुरु होकर थाना चौराहे पर पहुंचा था। इसके बाद नगराध्यक्ष कामिल मंसूरी के इस कार्य की शिकायत सपा में की गई तो जिलाध्यक्ष मस्तराम यादव ने अपने लेटर पैड पर लिखित निर्देश जारी करते हुए नगराध्यक्ष को पदमुक्त कर दिया।
जिलाध्यक्ष ने बताया कि नगराध्यक्ष द्वारा सपा में रहते हुए राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के पथ संचलन पर पुष्पवर्षा की है। जो, पार्टी की गतिविधियों के विरूद्ध है। इसलिए उन्हें हटाया गया है। अब नए नगराध्यक्ष के लिए गजरौला के कार्यकर्ताओं संग बैठक कर निर्णय लिया जाएगा। |