एक्सीडेंट के बाद गाड़ी को हटवाते हुए पुलिस।
जागरण संवाददाता, पटियाला। पंजाब के समाना–पटियाला रोड पर बुधवार तड़के घने कोहरे के बीच एक भीषण सड़क हादसा हो गया। गांव फतेहपुर से पहले पंजाब रोडवेज की पीआरटीसी बस और एक कार की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसा इतना जबरदस्त था कि कार चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी गर्भवती पत्नी और एक मासूम बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गए। बस का कंडक्टर भी घायल बताया जा रहा है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पीआरटीसी बस सुबह अपने पहले फेरे में समाना से पटियाला की ओर जा रही थी। उसी समय कार अंबाला (हरियाणा) की तरफ से आ रही थी। सुबह के समय सड़क पर घना कोहरा छाया हुआ था, जिससे दृश्यता बेहद कम थी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दोनों वाहन अचानक आमने-सामने आ गए और टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के आगे का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
यह भी पढ़ें- जालंधर में मातृभाषा दिवस पर निकला पंजाबी जागृति मार्च; सम्मान में सड़कों पर उतरे विद्यार्थी व कलाकार
घायलों को सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने राहत कार्य शुरू किया और घायलों को समाना के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें पटियाला रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों के अनुसार गर्भवती महिला की हालत नाजुक बनी हुई है। सूचना मिलते ही सिटी समाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भिजवा दिया है।
यह भी पढ़ें- पटियाला के एसएसटी नगर में तेज रफ्तार बाइक ने स्कूल टीचर को मारी टक्कर; हादसे के बाद हंगामा और पिटाई
हादसे के कारणों की जांच कर रही पुलिस
हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि कोहरे के कारण दृश्यता कम होना दुर्घटना की मुख्य वजह हो सकती है, हालांकि अन्य पहलुओं की भी जांच की जाएगी। परिजनों के अनुसार मृतक अपने परिवार के साथ हरियाणा के अंबाला क्षेत्र में एक कार्यक्रम से लौट रहा था। मृतक समाना पुलिस कॉलोनी का निवासी बताया जा रहा है। इस दर्दनाक हादसे से इलाके में शोक का माहौल है।
यह भी पढ़ें- 8 महीनों में 670 एनकाउंटर, 900 से अधिक मौतें; क्राइम कंट्रोल के नाम पर पाकिस्तान में चल क्या रहा है?  |