कैप्शन: पानीपत में रोहित गोदारा के नाम पर कारोबारियों से मांगी तीन करोड़ की रंगदारी (फाइल फोटो)
जागरण संवाददाता, पानीपत। कुख्यात गैंग्सटर रोहित गोदारा के नाम पर दो कारोबारियों को फोन कर रंगदारी मांगी है। पांच दिन में दो मामले आने से कारोबारी दहशत में हैं। एक मामले में थाना शहर में केस दर्ज है तो दूसरा किला थाना पुलिस के पास पहुंचा है।
इस संबंध में एक आडियो इंटरनेट मीडिया में प्रसारित हो रहा है। पहले मामले में थाना शहर में दर्ज शिकायत के अनुसार, रोहित गोदारा के नाम पर एक कारोबारी से 23 फरवरी को काल करके एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी है। दूसरे मामले में करीब पांच दिन पहले खुद को रोहित गोदारा बताने वाले व्यक्ति ने एक कारोबारी को फोन कर दो करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी है।
काल करने वाले ने दो दिन के भीतर रकम देने की बात कही और चेतावनी दी कि समय पर रुपये नहीं दिए तो अंजाम ठीक नहीं होगा। दोनों मामलों को गंभीरता से लेते हुए सीआइए की टीमें भी सक्रिय कर दी हैं। एक आडियो रिकार्डिंग भी सामने आई है, जिसे पुलिस ने जांच के दायरे में लिया है।
पुलिस तकनीकी विश्लेषण के जरिए काल की सत्यता और स्रोत का पता लगाने में जुटी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हर पहलू से जांच की जा रही है और काल डिटेल रिकार्ड खंगाली जा रही हैं। पुलिस ने एहतियातन दोनों कारोबारियों को सुरक्षा उपलब्ध करवाई है।
 |
|