search

गुरुग्राम में 17 हजार एकड़ भूमि के अधिग्रहण से बदलेगी शहर की तस्वीर, बनेंगे 51 नए सेक्टर

cy520520 1 hour(s) ago views 874
  

गुरुग्राम में 17 हजार एकड़ भूमि का होगा अधिग्रहण।



संवाद सहयोगी, नया गुरुग्राम। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण 17 हजार एकड़ भूमि से गुरुग्राम की तस्वीर बदलेगा। इस जमीन को 51 सेक्टरों में विकसित कर लोगों को आवासीय और व्यावसायिक उपयोग के लिए उपलब्ध कराया जाएगा।इससे आने वाले समय में आम लोगों को भी अपने सपनों का घर पाने का बेहतर अवसर मिलेगा।

गुरुग्राम में रियल एस्टेट की उपलब्धता बढ़ाने के लिए हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) ने बड़ा कदम उठाया है। एचएसवीपी ने शहर के 51 सेक्टरों में करीब 17000 एकड़ जमीन खरीदने की योजना बनाई है। एचएसवीपी यह जमीन ई-भूमि पोर्टल और लैंड पूलिंग पालिसी के माध्यम से चरणबद्ध तरीके से खरीदेगा।

इस संबंध में मुख्य प्रशासक की ओर से अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि जमीन का पूरा विवरण ई-भूमि पोर्टल पर अपलोड किया जाए, ताकि प्रक्रिया पारदर्शी रहे। पूरे हरियाणा में एचएसवीपी कुल 1.67 लाख एकड़ जमीन खरीदने की योजना बना रहा है, जिसमें से 17,000 एकड़ केवल गुरुग्राम में शामिल है। इस जमीन का डेटा चरणबद्ध तरीके से पोर्टल पर डाला जाएगा और इच्छुक जमीन मालिक सीधे प्राधिकरण से संपर्क कर सकेंगे।
सुव्यवस्थित किया जाएगा शहरी विस्तार

सरकार की इस पहल का मुख्य उद्देश्य शहरी विस्तार को सुव्यवस्थित करना और लोगों को किफायती दरों पर प्लाट और मकान उपलब्ध कराना है। गुरुग्राम पहले से ही रियल एस्टेट का प्रमुख केंद्र है और इस नई योजना से यहां इंफ्रास्ट्रक्चर, कनेक्टिविटी और निवेश के अवसरों में और वृद्धि होगी।

विशेषज्ञों का मानना है कि इस कदम से मिडिल क्लास और निवेशकों दोनों को फायदा होगा। नई कालोनियों के विकास से न केवल आवास की उपलब्धता बढ़ेगी, बल्कि रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे। साथ ही, सड़क, बिजली, पानी और अन्य बुनियादी सुविधाओं में भी सुधार होगा।
चरणबद्ध तरीके से खरीदी जाएगी जमीन

पहले चरण में गुरुग्राम के कई प्रमुख सेक्टरों जैसे 26, 36ए, 37डी, 59, 60, 61, 63, 67, 70, 76 से लेकर 113 तक में लगभग 17,300 एकड़ जमीन खरीदी जाएगी। इसके लिए 1 मार्च से 30 अप्रैल तक ई-भूमि पोर्टल पर आवेदन आमंत्रित किए जाएंगे। दूसरे चरण में सोहना, पटौदी और ग्वाल पहाड़ी क्षेत्रों में लगभग 5,035 एकड़ जमीन खरीदी जाएगी। इसके लिए पोर्टल एक मई से 30 जून तक खुला रहेगा।

वहीं तीसरे चरण में फरुखनगर के सेक्टर 1, 3, 4 और 5 में 1,203 एकड़ जमीन खरीदी जाएगी, जिसके लिए 1 जुलाई से 31 अगस्त तक आवेदन किए जा सकेंगे। इसके अलावा एचएसवीपी फरीदाबाद में भी 20,500 एकड़ जमीन खरीदने की योजना बना रहा है। पहले चरण में 4500 एकड़ जमीन फरीदाबाद शहर में ली जाएगी। अधिकारियों के अनुसार, इस योजना का उद्देश्य अवैध कालोनियों को रोकना और लोगों को बेहतर व व्यवस्थित रियल एस्टेट उपलब्ध कराना है।

एचएसवीपी के संपदा अधिकारी एक राकेश सैनी ने बताया कि इच्छुक जमीन मालिक ई-भूमि पोर्टल पर अपनी जमीन बेचने की जानकारी दे सकते हैं, जिसके बाद बातचीत के जरिए जमीन खरीदी जाएगी। यह योजना राज्य में रियल एस्टेट सेक्टर को नई गति देने के साथ-साथ लोगों को बेहतर आवास और व्यापारिक सुविधाएं उपलब्ध कराने में मददगार साबित होगी।

यह भी पढ़ें- गुरुग्राम-फरीदाबाद-नोएडा को जोड़ेगा नमो भारत RRTS कॉरिडोर, CM नायब सिंह सैनी बोले- अंतिम एलाइनमेंट मंजूर   
like (0)
cy520520Forum Veteran

Post a reply

loginto write comments
cy520520

He hasn't introduced himself yet.

510K

Threads

0

Posts

1610K

Credits

Forum Veteran

Credits
163481