LHC0088 • Yesterday 22:57 • views 768
लुक्सर गांव में सड़क पर तैनात पुलिसकर्मी। जागरण
जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा। ईकोटेक वन कोतवाली क्षेत्र के लुक्सर गांव में हत्या का बदला लेने के लिए मंगलवार की सुबह चाकू व गोली मारकर पत्नी की आंखों के सामने पति नितिन की निर्मम हत्या के बाद गांव में सन्नाटा पसरा है। सुरक्षा के दृष्टिगत गांव की हर गली मोहल्ले में पुलिस बल की तैनाती की गई है। नितिन के घर के साथ हत्यारोपितों के घर के बाहर भी भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है।
गांव की गलियों में दिनभर सन्नाटा पसरा रहा। दुकानें बंद रही। ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। घटना के बारे में ग्रामीण कुछ भी बोलने से बचते नजर आए। एक ग्रामीण ने बताया कि नितिन की हत्या की पटकथा 19 महीने पहले ही विनय की हत्या के बाद लिख गई थी। ग्रामीणों ने बताया कि विनय व नितिन बचपन से अच्छे दोस्त थे।
करीब पांच साल पहले दोनों ने मिलकर बाजार लगवाया था, लेकिन दोनों के बीच रेहड़ी पटरी विक्रेताओं को बैट्री सप्लाई से वसूली के पैसों को लेकर 2023 में विवाद हो गया था। जिसके बाद नितिन रेहड़ी पटरी विक्रेताओं को अकेले बैट्री सप्लाई कर रहा था। यह बात विनय को अखर रही थी। इसे लेकर 11 अगस्त 2024 को दोनों के बीच बहस हुई थी।
17 अगस्त 2024 को विनय की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। जिसका आरोप विनय के परिजन ने नितिन, उसके साथी शेखर व आकाश समेत दो अन्य पर लगाया था। विनय की मौत का बदला लेने के लिए नितिन के जेल से छूटकर आने के बाद से ही आरोपित घटना को अंजाम देने की फिराक में थे।
यह भी पढ़ें- पत्नी के सामने पति नितिन की कर दी हत्या, अब इंस्टाग्राम पर लिखा- ‘बदला पूरा हुआ...बंदूक के साथ जियो, बंदूक के साथ मरो’
यह भी पढ़ें- नितिन हत्याकांड: 61 सेकंड और काम तमाम... पहले से घात लगाए बैठे थे दरिंदे; छाती पर बैठ काटा गला
यह भी पढ़ें- Kanpur में बनेगा गोल चौराहे से रामादेवी तक 988.30 करोड़ का एलिवेटेड रोड, नितिन गडकरी ने दी जानकारी  |
|