आतंक के इको-सिस्टम और समर्थन तंत्र को ध्वस्त करने के निर्देश (फाइल फोटो)
राज्य ब्यूरो, जागरण, जम्मू। जम्मू-कश्मीर के पुलिस महानिदेशक नलिन प्रभात ने बुधवार को बडगाम में उच्चस्तरीय सुरक्षा समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने आतंकवाद के इको-सिस्टम और उसके समर्थन तंत्र को पूरी तरह ध्वस्त करने के लिए इंटेलिजेंस आधारित ऑपरेशनों को तेज करने के निर्देश दिए।
एसएसपी बडगाम ने जिले में चल रहे आतंकवाद विरोधी अभियानों, कानून-व्यवस्था की स्थिति, अपराध नियंत्रण उपायों, मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई, एरिया डोमिनेशन प्लान और समग्र सुरक्षा परिदृश्य की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की।
पुलिस महानिदेशक ने जारी काइनेटिक और नॉन-काइनेटिक अभियानों की समीक्षा करते हुए आतंक और अलगाववादी नेटवर्क को जड़ से समाप्त करने के लिए ठोस रणनीति अपनाने पर जोर दिया। उन्होंने फील्ड अधिकारियों को अधिक प्रभावी और क्रियान्वयन योग्य खुफिया सूचनाएं जुटाने तथा ऑपरेशनल गति बनाए रखने के निर्देश दिए।
वर्तमान सुरक्षा चुनौतियों का उल्लेख करते हुए उन्होंने अधिकारियों से गैर-पारंपरिक और आधुनिक रणनीतियों को अपनाकर पाकिस्तान समर्थित आतंकियों को निष्क्रिय करने को कहा। साथ ही आतंकियों के सहयोगी तंत्र और समर्थकों के खिलाफ लक्षित कार्रवाई तेज करने पर बल दिया, ताकि जिले में स्थायी शांति स्थापित की जा सके।
सुरक्षा ग्रिड को मजबूत करने के लिए पुलिस महानिदेशक ने अन्य सुरक्षा एजेंसियों के साथ बेहतर समन्वय, प्रभावी एरिया डोमिनेशन और पारंपरिक आतंक समर्थकों व अलगाववादी नेटवर्क पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए। कानून-व्यवस्था की समीक्षा के दौरान उन्होंने असामाजिक तत्वों के खिलाफ निवारक कार्रवाई, आम नागरिकों की पुलिस में भागीदारी बढ़ाने और पुलिस-जनता के बीच विश्वास को मजबूत करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
बैठक के अंत में डीजीपी ने अधिकारियों से आतंकवाद विरोधी अभियानों को निरंतर जारी रखने और जिले में दीर्घकालिक शांति व स्थिरता सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध रहने का आह्वान किया। बैठक में एसजेएम जिलानी (स्पेशल डीजीपी कोऑर्डिनेशन), वीके बिरदी (आईजीपी कश्मीर जोन), राजीव पांडे (डीआईजी सेंट्रल कश्मीर रेंज), निखिल बोरकर (एसएसपी बडगाम) सहित जिला पुलिस के अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।  |