तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण
जागरण संवाददाता, संतकबीर नगर। जिला अस्पताल में मंगलवार की देर रात उपचार के दौरान दो दिन के नवजात की मौत हो गई। घटना से आक्रोशित परिजनों ने डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया। सूचना पर पहुंची कलेक्ट्रेट चौकी पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद परिजनों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया।
जानकारी के अनुसार बखिरा थाना क्षेत्र के सिहटिकर गांव निवासी विशाल यादव पुत्र दीनदयाल यादव की पत्नी साधना ने बीते 22 फरवरी को जिला अस्पताल के एमसीएच विंग में एक बच्चे को जन्म दिया था।
परिजनों का आरोप है कि मंगलवार को नवजात को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। घर पहुंचने के बाद देर शाम बच्चे की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। वह लगातार रो रहा था और दूध भी नहीं पी रहा था। परिजन उसे तत्काल वापस जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसे एनआईसीयू वार्ड में भर्ती कर लिया गया।
आरोप है कि रात करीब दस बजे नवजात की हालत गंभीर हो गई। ड्यूटी पर तैनात स्टाफ नर्स ने चिकित्सक को फोन कर स्थिति से अवगत कराया और तत्काल आने का अनुरोध किया, लेकिन परिजनों का कहना है कि डॉक्टर मौके पर नहीं पहुंचे।
यह भी पढ़ें- कुआनो नदी का पुल बंद, संतकबीर नगर-गोरखपुर संपर्क प्रभावित
आरोप है कि समय पर उचित इलाज न मिलने के कारण कुछ ही देर बाद नवजात की मौत हो गई। नवजात की मौत की जानकारी मिलते ही परिजन आक्रोशित हो उठे। उन्होंने डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल परिसर में शोर-शराबा शुरू कर दिया।
स्थिति बिगड़ती देख अस्पताल प्रशासन ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची कलेक्ट्रेट चौकी पुलिस ने समझा बुझाकर परिजनों को शांत कराया और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।  |