एआई जनरेटेड
जागरण संवाददाता, पलवल। पलवल में होडल के डबचिक सरकारी पेट्रोल पंप के पास देर रात फिल्मी अंदाज में एक युवक की गाड़ी को घेरकर उस पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। अज्ञात हमलावरों ने न केवल गाड़ी के शीशे तोड़े, बल्कि युवक के साथ मारपीट भी की।
पुलिस ने इस संबंध में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले में बेढा पट्टी के रहने वाले रोहित ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 21 फरवरी की रात वह अपनी स्कॉर्पियो में कोसी बॉर्डर से घर लौट रहा था। जैसे ही वह डबचिक पेट्रोल पंप के पास पहुंचा, गलत दिशा से आई एक सफेद बलेनो और पीछे से आई एक सफेद क्रेटा गाड़ी ने उसकी गाड़ी को आगे-पीछे से घेर लिया।
शीशे पर हथौड़े से किया वार
शिकायत के अनुसार, दोनों गाड़ियों से करीब आधा दर्जन नकाबपोश युवक उतरे, जिनके हाथों में डंडे, हथौड़े और कट्टा था। हमलावरों ने स्कॉर्पियो के सामने वाले शीशे पर हथौड़े से वार किया, जिससे कांच रोहित के चेहरे पर लग गया।
इसके बाद आरोपियों ने पूरी गाड़ी को डंडों और हथौड़ों से क्षतिग्रस्त कर दिया। रोहित के सिर और कंधे पर भी चोटें आई हैं। रोहित ने बताया कि हमलावरों ने उसे चारों तरफ से घेर लिया था। अपनी जान बचाने के लिए उसने गाड़ी को फुटपाथ पर चढ़ाते हुए वहां से भगाया।
पीड़ित का आरोप है कि भागते समय उन पर फायरिंग भी की गई और क्रेटा गाड़ी से पीछा भी किया गया। हालांकि, पुलिस की प्राथमिक जांच में गोली चलने की पुष्टि नहीं हुई है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके का मुआयना किया और घायल रोहित का सरकारी अस्पताल में मेडिकल करवाया।  |