LHC0088 • 1 hour(s) ago • views 340
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी। फाइल फोटो
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा विधानसभा के बाहर कांग्रेस विधायकों के धरने के चलते मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के साथ ही कुछ मंत्री और विधायकों को पंजाब विधानसभा के रास्ते सदन में जाना पड़ा।
कांग्रेस विधायकों के पैदल मार्च पर भाजपा विधायक घनश्याम दास अरोड़ा और अर्जुन चौटाला ने सवाल उठाए, जिसके बाद सदन में हंगामा खड़ा हो गया।
आरोप-प्रत्यारोपों के बीच मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदर्शन करना था तो सेक्टर 25 में कर लेते। इस पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने पलटवार करते हुए कहा कि प्रदर्शन करना हमारा अधिकार है। तसल्ली करके ही छोड़ेंगे।
इनेलो विधायक अर्जुन चौटाला ने कांग्रेस के प्रदर्शन पर चर्चा के दौरान कहा कि मैं पिछले तीन दिन से देख रहा हूं कि ये जनहित के मुद्दों को रखने के बजाय धरना प्रदर्शन की बात करते हैं। इसके बाद कांग्रेस विधायकों ने हंगामा शुरू कर दिया।
सदन की मर्यादा को खराब करने वाला कोई काम नहीं
अर्जुन चौटाला ने कहा कि इन्होंने रोज तमाशा करना है और शाम को चले जाना है। इस पर कांग्रेस विधायक जस्सी पेटवाड़ ने कहा कि मैंने पहला ऐसा विपक्ष देखा है, जो विपक्ष के खिलाफ ही बोलता है। सदन को लेकर इनकी गंभीरता इतनी है कि ये सदन से गायब ही रहते हैं।
चाहे तो इनकी सीटिंग की टाइमिंग निकालकर देख लो। विपक्ष के नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि आज ऐसा कोई भी काम नहीं हुआ है, जो सदन की मर्यादा को खराब करता हो। विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने कहा कि जब सदन चलता है तो एक जगह पर पांच से ज्यादा लोगों का खड़े होना नियमों के विरुद्ध है।
यह मुद्दा गंभीर है। आज कई विधायकों को पंजाब विधानसभा के रास्ते आना पड़ा। लोकतंत्र में सबको विरोध प्रदर्शन करने का अधिकार है, लेकिन सबकी सीमाएं हैं।
जब भी कोई प्रदर्शन हो तो उसको इस स्तर पर न लेकर आएं कि इससे काम में बाधा पड़े। विपक्षी विधायकों का स्पीकर आसन के सामने आना भी उचित नहीं है। इन सब चीजों का ध्यान रखना चाहिए।
इस पर हुड्डा ने कहा कि जब कोई ऐसी हरकत करता है तो आप इसका संज्ञान लें। कई बार विधायक उत्तेजित हो जाते हैं। हुड्डा ने कहा कि अगर मुख्यमंत्री नायब सैनी कह दें कि विधानसभा में आने में दिक्कत हुई तो हम माफी मांगेंगे।
दर्ज हो मुकदमा -कृष्ण लाल पंवार
कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि विधानसभा परिसर में जब हमने इनेलो में रहते हुए प्रदर्शन किया था तो हमारे खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था । ऐसे में आज कांग्रेसियों पर भी मुकदमा दर्ज किया जाए। कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी ने कहा कि आज जाम के चलते मुझे और महीपाल ढांडा को दूसरे रास्ते से विधानसभा में आना पड़ा है।
अब 2 मार्च को दोपहर 12 बजे पेश होगा बजट
अब 2 मार्च को दोपहर 12 बजे बजट पेश किया जाएगा। विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने बताया कि कुछ विधायकों की तरफ से प्रस्ताव आया है कि सुबह 11 बजे बजट रखा गया है, लेकिन सुबह इतनी जल्दी पहुंचने में परेशानी होगी। इसलिए बजट पेश करने का समय दोपहर 12 बजे करने का प्रस्ताव रखा गया, जिसे सर्वसम्मति से मंजूर कर लिया गया।
 |
|