प्रतीकात्मक तस्वीर, सीएम नीतीश कुमार दो मार्च को बांका आएंगे।
संवाद सूत्र, कटोरिया (बांका)। आगामी दो मार्च को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के संभावित आगमन को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी कड़ी में सोमवार को एसपी उपेन्द्रनाथ वर्मा ने कटोरिया पहुंचकर निर्माणाधीन डिग्री कॉलेज एवं रेफरल अस्पताल का निरीक्षण किया। अधिकारियों के साथ उन्होंने कार्यक्रम स्थल की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। प्रशासन मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को सफल और व्यवस्थित बनाने में जुट गया है।
रेफरल अस्पताल उद्घाटन के बाद जनसभा की तैयारी
जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर से कटोरिया पहुंचेंगे और सबसे पहले नवनिर्मित रेफरल अस्पताल का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद वे डिग्री कॉलेज परिसर में आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे। निरीक्षण के दौरान कॉलेज परिसर के पूर्व दिशा में प्रस्तावित हेलीपैड स्थल का अवलोकन किया गया। वहीं दक्षिण दिशा में जनसभा स्थल निर्धारित किया गया है, जहां मंच और दर्शक दीर्घा की तैयारी की जा रही है।
पार्किंग, प्रदर्शनी स्टॉल व साफ-सफाई पर विशेष जोर
निरीक्षण के दौरान पश्चिम एवं उत्तर दिशा में पार्किंग व्यवस्था तथा अन्य सुविधाओं की स्थिति देखी गई। कॉलेज परिसर की उत्तर दिशा में प्रदर्शनी स्टॉल लगाने की योजना है। एसपी ने परिसर में साफ-सफाई, झाड़ियों की कटाई, भूमि समतलीकरण और पीसीसी सड़क किनारे मिट्टी भराई कार्य शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया। साथ ही कॉलेज और रेफरल अस्पताल के बीच संपर्क मार्ग को साफ और सुगम बनाए रखने को कहा गया।
सुरक्षा व्यवस्था कड़ी, पुलिस बल रहेगा तैनात
एसपी ने कटोरिया रेफरल अस्पताल के निर्माणाधीन भवन का भी निरीक्षण किया और स्थानीय पुलिस अधिकारियों को सुरक्षा से जुड़े आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जाएंगे। कॉलेज, अस्पताल और मुख्य मार्गों पर सशस्त्र पुलिस बल की तैनाती की जाएगी ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।
यातायात में रहेगा अस्थायी बदलाव
कार्यक्रम को लेकर यातायात व्यवस्था में भी अस्थायी बदलाव किया जाएगा। कार्यक्रम के दिन बाजार के चारों प्रमुख मार्गों के साथ कुम्हरातरी पंचायत भवन से कटोरिया चौक तक वाहनों का परिचालन बंद रहेगा। प्रशासन ने आम लोगों से सहयोग की अपील की है ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
कई योजनाओं के उद्घाटन की संभावना
संभावना जताई जा रही है कि मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान रेफरल अस्पताल के नए भवन के उद्घाटन के साथ डिग्री कॉलेज का लोकार्पण और जिला परिषद मार्केट परिसर में निर्मित आईबी भवन का उद्घाटन भी किया जा सकता है। निरीक्षण के दौरान बेलहर एसडीपीओ डॉ. रवीन्द्र मोहन प्रसाद, इंस्पेक्टर रंजीत कुमार, थानाध्यक्ष चन्द्रदीप कुमार, सअनि अभय मिश्रा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।  |
|