LHC0088 • 1 hour(s) ago • views 646
प्रतीकात्मक तस्वीर, सौजन्य : एआई
संवाद सूत्र, बांका। टाउन थाना में सोमवार को उस समय भावुक माहौल बन गया जब 11 वर्षीय एक बच्ची अपनी मां की मारपीट से परेशान होकर मदद की गुहार लगाने पहुंच गई। पहली बार थाना आने पर पुलिस ने इसे पारिवारिक विवाद मानते हुए बच्ची और उसकी मां को समझाकर मामला शांत कराने की कोशिश की तथा बच्ची को मां के साथ घर भेज दिया। हालांकि कुछ ही देर बाद बच्ची दोबारा रोते हुए थाना पहुंची और पुलिस से अपने साथ हो रही मारपीट की शिकायत करते हुए सुरक्षा की मांग की।
बताया जाता है कि कशिश नामक बच्ची अपनी मां राधा देवी के साथ शहर के आनंद कालोनी स्थित किराये के मकान में रहती है। उसके पिता संदीप कुमार अमरपुर प्रखंड के सलेमपुर गांव के निवासी हैं और दिल्ली में रहकर मजदूरी करते हैं। बच्ची ने पुलिस को बताया कि उसकी मां अक्सर उसके साथ मारपीट करती है, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान है। उसने पुलिस के समक्ष पढ़ाई जारी रखने की इच्छा जताई और अपने पिता के पास रहने की मांग की।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने बच्ची की मां को थाना बुलाकर पूछताछ की। मां ने बताया कि वह दो बच्चों के साथ अकेले रह रही है और आर्थिक व पारिवारिक दबाव के कारण बच्ची की देखभाल करने में कठिनाई हो रही है। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि उसके पति द्वारा भरण-पोषण के लिए पर्याप्त आर्थिक सहयोग नहीं दिया जाता है। स्थानीय स्तर पर यह भी चर्चा है कि महिला संदीप कुमार की दूसरी पत्नी है।
बच्ची ने पुलिस को यह भी बताया कि उसकी मां किसी अन्य व्यक्ति से मोबाइल पर बातचीत करती है, जिसकी जानकारी पिता को देने के बाद घर में विवाद बढ़ गया। पूछताछ के दौरान महिला ने भी मोबाइल पर बातचीत करने की बात स्वीकार की, जिसके बाद पारिवारिक तनाव और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
परिस्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने मामले की सूचना चाइल्ड लाइन को दी। चाइल्ड लाइन की टीम को पूरे घटनाक्रम से अवगत करा दिया गया है। फिलहाल पुलिस और चाइल्ड लाइन संयुक्त रूप से बच्ची के सर्वोत्तम हित को ध्यान में रखते हुए उचित समाधान निकालने और उसके भविष्य को सुरक्षित करने की दिशा में कार्रवाई कर रही है।  |
|