धनबाद में सोमवार की रात बूंदा-बांदी और हल्की बारिश हुई। (प्रतीकात्मक फोटो)
जागरण संवाददाता, धनबाद। बंगाल की खाड़ी में सक्रिय हुए लो प्रेशर ने शहर का मौसम देर रात एकाएक बदल दिया। पहले तेज हवा के साथ हल्की बूंदाबांदी शुरू हुई। कुछ ही देर बाद चमक के साथ हल्की बारिश शुरू हो गई।
मौसम में आए बदलाव ने आबोहवा में एक बार फिर ठंडक घोल दी। हल्की बारिश और ठंडी हवाएं चलने से रात का मौसम सर्द हो गया। मौसम केंद्र रांची से जारी सूचना में बताया गया है कि बंगाल की खाड़ी से आंध्र प्रदेश की ओर जा रहे बादल धनबाद समेत राज्य के कई हिस्सों में तेज हवा के साथ बारिश कर रहे हैं।
मंगलवार को भी इसका असर जारी रहने की संभावना है। राज्य के दक्षिण पूर्वी हिस्से और निकटवर्ती मध्य भागों में कहीं-कहीं गरज के साथ हल्के से मध्यम दर्जे की वर्षा होने की संभावना जताई गई है।
जाड़े के मौसम की पहली बारिश, दो तीन डिग्री लुढ़केगा पारा
नवंबर से शुरू हुए जाड़े के मौसम के दौरान धनबाद में एक दिन भी बारिश नहीं हुई थी। सोमवार की देर रात हुई बारिश जाड़े की पहली बारिश है। मौसम विभाग में अगले 24 घंटे के बाद न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट की भी संभावना जताई है। इससे रात के मौसम में और ठंडक घुलने के आसार हैं।
हल्की बारिश से ही शहर के ज्यादातर हिस्से ब्लैकआउट
हल्की बारिश से ही शहर के ज्यादातर हिस्से की बिजली कट गई है। शहर की मुख्य सड़कें अंधेरे में डूब गई हैं। मोहल्ले व कालोनी में भी अंधेरा पसर गया है।  |
|