बाइक सवार युवक की मौत (प्रतीकात्मक चित्र)
डिजिटल डेस्क, भोपाल। राजधानी के शाहपुरा इलाके में रविवार रात रफ्तार ने एक घर की खुशियां उजाड़ दीं। दानापानी रोड पर तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद कार चालक वाहन समेत फरार हो गया। शाहपुरा थाना पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।
काम से लौट रहा था युवक
पुलिस के मुताबिक 25 वर्षीय शुभांकर गौर बीडीए कॉलोनी, अवधपुरी का निवासी था और पेशे से कारपेंटर था। रविवार रात वह साइट से काम खत्म कर घर लौट रहा था। इसी दौरान दानापानी रोड पर एक तेज रफ्तार कार ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा।
यह भी पढ़ें- \“चुकता करो 109 साल पुराना कर्ज...\“, MP का रूठिया परिवार ब्रिटिश हुकूमत को भेजेगा लीगल नोटिस, प्रथम विश्वयुद्ध के दौरान दिए थे 35000 रुपये
शुभांकर ने हेलमेट पहन रखा था, लेकिन पेट और पसलियों में आई गंभीर अंदरूनी चोटें जानलेवा साबित हुईं। मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
थाना प्रभारी संतोष मरकाम के अनुसार प्रत्यक्षदर्शियों ने कार से टक्कर मारने की पुष्टि की है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि फरार कार चालक की पहचान की जा सके।
एक महीने पहले ही हुई थी शादी
हादसे ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। शुभांकर की शादी महज एक महीने पहले ही हुई थी। उसकी असमय मौत से घर में मातम पसरा है। नवविवाहिता पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार चालक के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है।  |
|