पति से झगड़े के बाद मां-बेटी ने निगला जहर। फोटो जागरण
संवाद केंद्र, जोगेंद्रनगर (मंडी)। उपमंडल के भराडू गांव में घरेलू विवाद के चलते मां, बेटी ने जहर निगल लिया। दोनों की नाजुक हालत को देखते हुए राजेंद्र प्रसाद टांडा मेडिकल अस्पताल में रेफर किया गया है। इनमें मां 50 वर्षीय सुमना देवी की हालत नाजुक बताई जा रही है, जबकि 21 साल की बेटी पूनम की हालत ज्यादा गंभीर नहीं बताई गई है।
इस घटना के बाद पुलिस ने महिला के पति के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पति बेसर का रविवार रात को अपनी पत्नी और बेटी के साथ झगड़ा हुआ था। सोमवार सुबह भी जब झगड़े का यह सिलसिला जारी रहा तो गुस्से में आकर पहले बेटी फिर मां ने जहर खा लिया।
मां, बेटी की बिगड़ती तबीयत और चीखने चिल्लाने की आवाजें सुनकर आसपास के लोग इकट्ठे हो गए फिर मां, बेटी को जोगेंद्रनगर अस्पताल में उपचार के लिए पहुंचाया गया।
यहां पर मौजूद चिकित्सकों ने तुरंत प्राथमिक उपचार दिलाकर जान बचा ली, लेकिन शरीर में जहर फैलने की आशंका को देखते हुए दोनों मरीजों को 108 एंबुलेंस के माध्यम से राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज टांडा में उपचार के लिए रैफर कर दिया। पुलिस की एक टीम ने मां-बेटी के बयान दर्ज किए हैं।
मां, बेटी का उपचार टांडा मेडिकल अस्पताल में जारी रहा। यहां पर नजदीकी रिश्तेदार और परिजन भी आ पहुंचे हैं। थाना प्रभारी सकीनी कपूर ने बताया कि पुलिस इस घटना पर हर पहलू को देखते हुए जांच कर रही है।
 |