search

देश में पहली बार दरवाजे पर सामान की डिलीवरी करेगा रोबोट, ड्रोन और AI सिस्टम का मिलेगा साथ

cy520520 1 hour(s) ago views 531
  

भारत का पहला सार्वजनिक स्वायत्त डिलीवरी नेटवर्क गुरुग्राम में लॉन्च। फोटो- जागरण



जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। भारत में पहली बार ड्रोन और रोवर यानी रोबोट के माध्यम से घर के दरवाजे पर सामान की डिलीवरी की जाएगी। गुरुग्राम शहर में निजी कंपनी ने पब्लिक ऑटोनामस डिलीवरी नेटवर्क लांच किया है। कंपनी ने इस फिजिकल एआई सिस्टम को दुनिया का पहला सिस्टम होने का दावा भी किया है।

इस सिस्टम के माध्यम से बिना किसी इंसानी मदद के रोबोट सामान घर तक पहुंचाएगा। सोमवार को गुरुग्राम के सेक्टर 102 में हुए लॉन्चिंग कार्यक्रम में ड्रोन के माध्यम से घर तक रोबोट द्वारा सामान की डिलीवरी करने की जानकारी दी गई। इसमें चार प्रक्रिया शामिल हैं। इसमें स्काई पोर्ट, स्काई शिप, अराइव प्वाइंट और ऑटोनामी के ऑटोबाट्स एक साथ मिलकर काम करेंगे।
कैसे ग्राहक के घर तक पहुंचेगी सामान?

बताया गया कि स्काई पोर्ट से ड्रोन उड़ान भरेंगे। इसके बाद ड्रोन हवा के रास्ते सामान को अराइव प्वाइंट तक ले जाएंगे। अराइव प्वाइंट पर एक स्मार्ट मेलबाक्स (तिजोरी जैसा बॉक्स) रखा जाएगा। जो ड्रोन से सामान रिसीव करेगा।

  

इसके बाद ऑटोबाट्स यानी छोटे रोबोट इस स्मार्ट बॉक्स से सामान लेकर सीधे ग्राहक के घर के दरवाजे तक पहुंचेंगे। जिसने ऑर्डर किया, उसके पास सामान पहुंचने पर मोबाइल में मैसेज जाएगा। उसे घर के दरवाजे पर पहुंचकर रोवर में ओटीपी डालना होगा। ओटीपी डालने के साथ ही रोवर के पीछे हिस्से में लगी ट्रे खुलेगी और सामान डिलीवर हो जाएगा।

ऑटोबाट्स घरों के अंदर और बाहर, दोनों जगह आसानी से चल सकते हैं। लिफ्ट में जाने के दौरान भी इनका सर्वर जुड़ा रहेगा। इस नेटवर्क में सामान को एक जगह से दूसरी जगह भेजने के लिए इंसानों की जरूरत नहीं पड़ेगी। इस फिजिकल एआई सिस्टम को तीन कंपनियों गुरुग्राम की स्काई एयर, एराइव एआई और अमेरिकी कंपनी ओटोनामी इंक ने मिलकर तैयार किया है। अमेरिकी कंपनी द्वारा रोवर भारत में ही बनाए गए हैं।
क्या बोले स्काई एयर मोबिलिटी के फाउंडर?

कार्यक्रम में स्काई एयर मोबिलिटी के फाउंडर और सीईओ अंकित कुमार, एराइव एआई के सीईओ डैन ओ टोल, ऑटोनामी इंक के सीइओ रितुकर विजय ने कहा कि यह सिर्फ सॉफ्टवेयर का कमाल नहीं, बल्कि असली दुनिया में काम करने वाला एक ऐसा सिस्टम है जो शहरों में सामान की डिलीवरी का तरीका बदल देगा।

एआई इम्पैक्ट समिट 2026 में पहली बार दुनिया के सामने आए इस सिस्टम ने सोमवार से गुरुग्राम में अपना कॉमर्शियल काम शुरू कर दिया। इसके साथ ही भारत अब दुनिया के उन चुनिंदा देशों में शामिल हो गया है जहां ड्रोन और रोबोट मिलकर शहर के स्तर पर सामान पहुंचा रहे हैं। स्काई एयर ने बताया कि मार्च के पहले या दूसरे सप्ताह में इस सिस्टम की शुरुआत डीएलएफ इलाके की एक सोसायटी से की जाएगी।
गुरुग्राम की 65 सोसायटी में ड्रोन से हो रही डिलीवरी

गुरुग्राम बेस्ड कंपनी की तरफ से शहर की 65 सोसायटी में ड्रोन से सामान की डिलीवरी की जा रही है। अब तक जहां एक निश्चित स्थान पर ड्रोन आता था, यहां से कंपनी का कर्मचारी ड्रोन से सामान लेकर फ्लैट तक पहुंचाता था। अब पूरी तरह से इसे रोबोट आधारित बनाया गया है।
like (0)
cy520520Forum Veteran

Post a reply

loginto write comments
cy520520

He hasn't introduced himself yet.

510K

Threads

0

Posts

1610K

Credits

Forum Veteran

Credits
162203