पुलिस की तरफ से जब्त नशा।
जागरण संवाददाता, अमृतसर। सीमा पार से हो रही नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए काउंटर इंटेलिजेंस अमृतसर ने एक संगठित ड्रग तस्करी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस कार्रवाई में तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से छह किलोग्राम हेरोइन और छह किलोग्राम आइस (क्रिस्टल मेथामफेटामाइन) बरामद की है।
इस कार्रवाई में तस्करी में इस्तेमाल की जा रही दो गाड़ियों को भी जब्त कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपितों का सीधा संपर्क पाकिस्तान स्थित एक हैंडलर से था। जांच एजेंसियों के अनुसार सीमा के फेंसिंग क्षेत्र में ड्रोन के माध्यम से गिराई गई नशे की खेप को ये आरोपी उठाते थे और फिर उसे पंजाब के विभिन्न हिस्सों में सप्लाई करते थे।
यह भी पढ़ें- राइस मिलर की चंडीगढ़ में कोठी नीलाम, करोड़ों की देनदारी, बॉम्बे हाईकोर्ट के आदेश पर DC ऑफिस ने की कार्रवाई
लंबे समय से जुड़े थे तस्करी नेटवर्क से
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपित लंबे समय से इस नेटवर्क का हिस्सा थे और ड्रोन के माध्यम से भेजी जा रही खेप को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने का काम कर रहे थे। बरामद की गई हेरोइन और आइस की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करोड़ों रुपये आंकी जा रही है। इस मामले में थाना स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल (एसएसओसी), अमृतसर में एनडीपीएस एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज कर ली गई है।
यह भी पढ़ें- \“काला जादू करती थी चाची\“, अंधविश्वास की शक में महिला को गोलियों से भूना; होशियारपुर पुलिस ने आरोपी को किया अरेस्ट
आगे और पीछे की कड़ियों को जोड़ने में जुटी पुलिस
पुलिस अब आरोपितों से पूछताछ कर नेटवर्क की आगे और पीछे की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है, ताकि पूरे गिरोह का सफाया किया जा सके। पंजाब पुलिस ने स्पष्ट किया है कि राज्य को नशा मुक्त बनाने के अभियान में किसी भी तस्कर को बख्शा नहीं जाएगा। अधिकारियों का कहना है कि सीमा पार से संचालित ऐसे मॉड्यूल राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए भी गंभीर चुनौती हैं और इनके खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
यह भी पढ़ें- पुलिस से झड़प मामले में मजीठिया नहीं हुए पेश, अहम बैठक का दिया हवाला, Court ने कहा-कल जरूर पेश हों |