पत्नी के साथ कांग्रेस नेता महेंद्र सिंह चौहान।
डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्य प्रदेश की सियासत में उस समय हलचल मच गई, जब कांग्रेस के वरिष्ठ नेता महेंद्र सिंह चौहान के खिलाफ उनकी पत्नी ने घरेलू हिंसा और प्रताड़ना की गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कराया। शिकायत के आधार पर हबीबगंज थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर मामले को विवेचना में ले लिया है।
पुलिस के अनुसार, 9 फरवरी को कथित तौर पर महिला के साथ मारपीट की घटना हुई। निजी बैंक में मैनेजर पद पर कार्यरत पत्नी ने आरोप लगाया है कि लंबे समय से उन्हें मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। उन्होंने यह भी दावा किया कि उनकी जान को खतरा है, क्योंकि पति के पास लाइसेंसी हथियार हैं, जिनके जरिए उन्हें डराया-धमकाया जाता है। शिकायत में जान से मारने की कोशिश का भी उल्लेख किया गया है।
महिला ने दहेज में दो करोड़ रुपये नकद और एक कार की मांग का आरोप लगाया है। मांग पूरी न होने पर मारपीट कर घर से निकालने और घर के गेट पर ताला लगाकर धमकी देने की बात भी कही गई है।
बताया जा रहा है कि यह दंपती की दूसरी शादी है, जिसे 19 वर्ष हो चुके हैं। महिला का दावा है कि वर्ष 2003 में उनकी पहली शादी एक आईएएस अधिकारी से हुई थी, जिसे कथित दबाव में तुड़वाया गया।
यह भी पढ़ें- CAG रिपोर्ट में बड़ा खुलासा : भोपाल में 14 हजार से ज्यादा भवनों को बिना विकास स्वीकृति मिली मंजूरी
कांग्रेस नेता ने आरोपों को निराधार बताया
दूसरी ओर, महेंद्र सिंह चौहान ने सभी आरोपों को निराधार और राजनीतिक साजिश करार दिया है। उनका कहना है कि तलाक का नोटिस देने के बाद उन्हें बदनाम करने की मंशा से यह एफआईआर दर्ज कराई गई है। पुलिस दोनों पक्षों के बयान और साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
हाई-प्रोफाइल विवाद के चलते राजनीतिक गलियारों में भी इस मामले को लेकर चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। |