एआई इंडिया इम्पैक्ट समिट के दौरान यूथ कांग्रेस का शर्टलेस प्रदर्शन। फोटो: आर्काइव
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भारत मंडपम में आयोजित इंडिया AI India Impact Summit 2026 के दौरान हुए ‘शर्टलेस’ प्रदर्शन को लेकर दिल्ली पुलिस की कार्रवाई तेज हो गई है। इस मामले में इंडियन यूथ कांग्रेस (IYC) के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब को पूछताछ के लिए तिलक मार्ग पुलिस स्टेशन तलब किया गया।
युवक कांग्रेस की ओर से सोशल मीडिया पर दी गई जानकारी के अनुसार, दिल्ली पुलिस ने समन जारी कर अध्यक्ष को पूछताछ के लिए बुलाया है। हालांकि पुलिस ने पूछताछ के सटीक कारणों का सार्वजनिक रूप से विस्तृत खुलासा नहीं किया है, लेकिन समन के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक इंडियन यूथ कांग्रेस (IYC) के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब सुबह 11 बजे दिल्ली पुलिस के मुख्यालय पहुंचे, जहां उनसे मामले की जांच कर रहे अधिकारी पूछताछ कर रहे हैं।
क्या है पूरा मामला
दरअसल, दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित AI इम्पैक्ट समिट के दौरान इंडियन यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने ‘शर्टलेस’ होकर प्रदर्शन किया था। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री के खिलाफ नारे लगाए और भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को लेकर विरोध जताया था।
पुलिस के मुताबिक, प्रदर्शन को देखते हुए मौके पर मौजूद प्रदर्शनकारियों को तत्काल हिरासत में लिया गया और उन्हें तिलक मार्ग पुलिस थाने ले जाया गया, जहां मामले में एफआईआर दर्ज की गई।
पांच आरोपी गिरफ्तार
दिल्ली पुलिस ने इस मामले में इंडियन यूथ कांग्रेस से जुड़े पांच कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में शामिल हैं।-
- कृष्णा हरी (बिहार)
- कुंदन यादव (बिहार)
- अजय कुमार (उत्तर प्रदेश)
- नरसिंहा यादव (तेलंगाना)
- जितेंद्र यादव (मध्य प्रदेश, ग्वालियर)
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आपराधिक षड्यंत्र, लोक सेवक को चोट पहुंचाने, सरकारी कार्य में बाधा डालने, अवैध सभा और साझा आपराधिक इरादे जैसी गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है।
पुलिस का कहना है कि पूरे घटनाक्रम के व्यापक पहलुओं की जांच जारी है और अन्य प्रदर्शनकारियों की पहचान भी की जा रही है। इस कार्रवाई के बाद AI समिट में हुए प्रदर्शन को लेकर राजनीतिक माहौल गर्म हो गया है।
यह भी पढ़ें- दिल्ली एआई समिट में हंगामे पर यूथ कांग्रेस के प्रदेश महासचिव गिरफ्तार
यह भी पढ़ें- \“सार्वजनिक व्यवस्था पर खुला हमला\“, AI समिट में यूथ कांग्रेस के शर्टलेस प्रोटेस्ट पर दिल्ली कोर्ट ने और क्या कहा?
यह भी पढ़ें- \“देश की छवि को नुकसान...\“, AI समिट में यूथ कांग्रेस के प्रदर्शन पर विपक्ष ने कांग्रेस को सुनाई खरी-खरी |
|