वोट डालने पहुंचे मुस्लिम मतदाता। फोटो जागरण
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। Jamshedpur Nagar Nigam Voting Live: जमशेदपुर और आसपास के नगरीय क्षेत्रों में अपनी स्थानीय सरकार चुनने के लिए सोमवार सुबह से मतदान शुरू हो गया है। मानगो नगर निगम, जुगसलाई नगर परिषद, चाकुलिया नगर पंचायत के साथ-साथ पड़ोसी जिले के आदित्यपुर नगर निगम और कपाली नगर परिषद में वोट डाले जा रहे हैं। मतदान को लेकर सुबह से ही लोगों में भारी उत्साह देखा जा रहा है।
कहीं कतारें, तो कहीं धीमी शुरुआत
मतदान के शुरुआती घंटों में मिला-जुला रुझान देखने को मिल रहा है। मानगो, कपाली और जुगसलाई के मुस्लिम बहुल इलाकों में सुबह से ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी कतारें देखी गईं।
यहां लोग अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए सुबह-सवेरे ही घरों से निकल पड़े। इसके विपरीत, शहर के अन्य इलाकों और पॉश कालोनियों में शुरुआत थोड़ी धीमी रही, जहां धूप चढ़ने के साथ ही अब धीरे-धीरे लोग बूथों तक पहुंच रहे हैं।
जिलेवार मतदान का गणित
पूर्वी सिंहभूम जिले के कुल 249 बूथों पर वोटिंग हो रही है। मानगो नगर निगम के 1.80 लाख मतदाता 190 बूथों पर अपने मेयर और पार्षदों का चुनाव करेंगे। वहीं, जुगसलाई नगर परिषद के 44,239 मतदाताओं के लिए 41 और चाकुलिया नगर पंचायत के 12,531 मतदाताओं के लिए 18 बूथ बनाए गए हैं।
सरायकेला-खरसावां जिले की बात करें, तो औद्योगिक क्षेत्र आदित्यपुर नगर निगम में 1.39 लाख वोटर 136 बूथों पर वोट डाल रहे हैं। कपाली नगर परिषद के 31 बूथों पर 33,766 मतदाता उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे।
महिलाओं के हाथ में चुनाव की चाबी
इस चुनाव में खास बात यह है कि कई क्षेत्रों में महिला मतदाता हार-जीत तय करने में निर्णायक भूमिका निभाएंगी। चाकुलिया और कपाली में महिला वोटरों की संख्या पुरुषों से अधिक है।
प्रशासनिक आंकड़ों के अनुसार, चाकुलिया में 6,316 महिलाएं और 6,215 पुरुष मतदाता हैं, जबकि कपाली में 17,256 महिलाएं और 16,509 पुरुष मतदाता हैं। आधी आबादी की यह ताकत उम्मीदवारों के लिए सबसे बड़ी चुनौती बनी हुई है।
बुनियादी सुविधाओं और समीकरणों की परीक्षा
विकास की राह देख रहे मतदाताओं के लिए सड़क, नाली, शुद्ध पानी और ट्रैफिक जाम जैसे मुद्दे सबसे ऊपर हैं। हालांकि, जानकारों का मानना है कि स्थानीय मुद्दों के साथ-साथ जातीय और धार्मिक समीकरण भी नतीजों को प्रभावित करेंगे।
खासकर मानगो, जुगसलाई और कपाली जैसे क्षेत्रों में पिछड़ा वर्ग और अल्पसंख्यक मतदाताओं का रुख काफी अहम माना जा रहा है।
सुरक्षा के कड़े पहरे में वोटिंग
शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने चाक-चौबंद सुरक्षा इंतजाम किए हैं। सभी 416 बूथों पर भारी संख्या में पुलिस बल और दंडाधिकारियों की तैनाती की गई है। संवेदनशील बूथों पर अतिरिक्त निगरानी रखी जा रही है। ॉ
अधिकारियों का कहना है कि मतदान सुचारू रूप से चल रहा है और कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है। समाचार लिखे जाने तक मतदान केंद्रों पर भीड़ लगातार बढ़ती जा रही है।
यह भी पढ़ें- जुगसलाई नगर परिषद चुनाव: वोटिंग से पहले 2 प्रत्याशियों की नाम वापसी से रोचक हुआ चुनाव, बूथों पर उमड़ी भीड़
यह भी पढ़ें- Nagar Nigam Voting Live: झारखंड में नगर सरकार के लिए वोटिंग जारी, धनबाद के कई अधिकारी नहीं कर पाएंगे वोट |