LHC0088 • 2 hour(s) ago • views 974
प्रतीकात्मक तस्वीर
जागरण संवाददाता, सहारनपुर। दिल्ली-देहरादून ग्रीनफील्ड हाईवे का उद्घाटन 13 मार्च को हो सकता है। एनएचएआई के चेयरमैन संतोष यादव ने टीम के साथ हाईवे का निरीक्षण किया। बड़गांव इंटरचेंज पर अधूरे कार्य को उन्होंने जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।
सहारनपुर जिले में हाईवे की लंबाई 74 किमी है। हालांकि हाईवे के 41 किमी हिस्से पर वाहन पिछले दो माह से दौड़ रहे है। लाइटिंग के अलावा कुछ स्थानों पर पौधारोपण का काम अभी चल रहा है। इस काम के चलते सहारनपुर से दिल्ली तक हाईवे पर कई स्थानों पर बेरीकेडिंग लगाई गई है।
रविवार को एनएचएआई के चेयरमैन संतोष यादव ने दिल्ली से देहरादून तक हाईवे का अधिकारियों की टीम के साथ निरीक्षण किया। सहारनपुर जिले की सीमा में पड़ने वाले हाईवे को कई स्थानों पर देखा। अधिकारियों से जानकारी ली। बड़गांव इंटरचेंज के काम को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान हाईवे की साइडों को देखा गया साथ ही सुरक्षा मानकों के बारे में भी चेयरमैन ने अधिकारियों से जानकारी ली। एनएचएआई बागपत के परियोजना निदेशक नरेन्द्र सिंह ने बताया कि हाईवे पर शेष काम अगले 15 दिन के भीतर पूरा कर लिया जाएगा।
दूसरी ओर बताते चलें कि हाईवे पर गणेशपुर से एेलिवेटिड रोड पर बिहारीगढ़ से देहरादून का सफर केवल 20-25 मिनट में तय हो रहा है। वाहनों का आवागमन शुरू होने से हाईवे पर प्रतिदिन सफर करने वाले यात्रियों को शिवालिक की पहाड़ियों में लगने वाले जाम से राहत मिली है।
उत्तर प्रदेश व उत्तराखंड की सीमा पर दो टनल बनाई गई है। गागलहेडी से देहरादून तक वाहनों का आवागमन शुरू होने से बीच में पड़ने वाले सभी अंडरपास व बिहारीगढ़ से होकर गुजरने वाला फ्लाई ओवर भी शुरू किया जा चुका है। नागल के लाखनौर से गणेशपुर तक का कार्य 41 किमी का निर्माण पूरा हो चुका है।
मानसून के दौरान देहरादून क्षेत्र में बरसाती नदियों में आई भयंकर बाढ़ को देखते हुए ऐलिवेटिड रोड के 575 पिलर्स में से तेज धारा में आने वाले लगभग 24 पिलर्स को डेढ से दो फीट मोटी जैकेट पहनाने का कार्य भी पूरा कर लिया गया है।
डाटकाली मंदिर के पास सुरक्षा कार्य, मोबाइल टावर इंस्टालेशन और टनल फिनिशिंग के काम हो चुके है। शामली के ख्यावडी गांव से दो किमी आगे सहारनपुर में यह हाईवे प्रवेश करता है। बागपत डिवीजन के अंतर्गत बड़गांव क्षेत्र में लाखनौर के गोल चक्कर तक इसकी दूरी 33 किमी है।
राजाजी पार्क की रमणीय वादियों से सफर
ग्रीनफील्ड हाईवे पर 12 किमी लंबी वाइल्ड लाइफ एलीवेटिड रोड राजाजी नेशनल पार्क की रमणीय वादियों से होकर गुजरती है। इसके अलावा छह एनिमल अंडरपास, दो हाथी अंडरपास, 113 अंडरपास, 76 किमी सर्विस रोड, 62 बस शेल्टर, 16 प्रवेश और निकास द्वार, पांच रेलवे ओवरब्रिज और कई एक्सप्रेस-वे से इंटरलिंक हैं। इसके साथ ही डाट काली मंदिर के पास 1995 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित 340 मीटर लंबी तीन लेन सुरंग भी शामिल है। |
|