पुरवा क्षेत्र के असेहरु गांव के पास अरहर के खेत में मिले शिवपाल के शव के पास जांच करती पुलिस। जागरण
संवाद सहयोगी, पुरवा(उन्नाव)। खेत में झोपड़ी बनाकर रहने वाले 16 दिन से लापता 65 वर्षीय वरिष्ठ नागरिक की हत्या कर शव खेत के अंदर फेंक दिया गया। रविवार देर शाम घर से तीन किमी दूर अरहर के खेत में सिरविहीन शव मिलने से सनसनी फैल गई। खेत के बाहर पिता के जूते पड़े होने और बदबू आने पर अंदर गई बेटी व दामाद शव देख चीख पड़े। शव लगभग दो सप्ताह पुराना होने की आशंका है।
स्वजन के अनुसार 20 फरवरी को तहरीर देकर गांव के तीन लोगों पर शक जताया गया था। पुलिस ने किसी से पूछताछ करना भी उचित नहीं समझा। इन्हीं तीन लोगों पर हत्या का शव फेंकने का आरोप लगाया है। एसपी जयप्रकाश सिंह, एएसपी अखिलेश सिंह ने फाेरेंसिक टीम के साथ की। जानवरों द्वारा सिर पर बाएं हाथ का मांस खाने की आशंका जताया है।नामजद तीन लोगों पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस जांच कर रही है।
क्षेत्र के गांव भूपतिपुर निवासी 65 वर्षीय शिवपाल रावत गांव के बाहर खेत में फूस की झोपड़ी बनाकर रहते थे। बहू रेनू गांव के घर में बच्चों के साथ रहती है। बड़ा बेटा राजकुमार सऊदी अरब में व दूसरा बेटा बबलू राजस्थान में रहकर एक फैक्ट्री में नौकरी करता है। सात फरवरी 2020 को शिवपाल गांव में बहू रेनू व पौत्रों से मिलने गए थे। जिसके बाद खेत लौट गए थे।
19 फरवरी की शाम गांव के रामबाबू ने रेनू को बताया कि आठ फरवरी से उनके ससुर शिवपाल झोपड़ी में नहीं दिखे हैं। 20 फरवरी को बहू रेनू ने पुलिस को शिवपाल के लापता होने की तहरीर दी। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर ली। रविवार शाम लगभग चार बजे खोजबीन कर रही बेटी सुनीता व दामाद नीलेश पुरवा-मझिगवां मार्ग पर असेहरू गांव के पास स्थित कस्बा निवासी गुडडू के अरहर के खेत के पास पहुंचे।
बदबू आने व खेत के पास ही पिता के जूते पड़े देख खेत के अंदर पहुंचे। मेड़ के किनारे झाड़ियों में शिवपाल का शव पेट के बल पड़ा मिला। सिर गायब देख बेटी की चीख निकल गई। वह गश खाकर गिर गई। दामाद नीलेश की सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच की।
बेटी सुनीता ने पुलिस को बताया कि सात फरवरी को गांव का रामबाबू पिता को पुरवा कस्बे में जंगलीपीर बाबा के पास लाखन के यहां शराब पिलाने ले गया था। बताया कि पिता ने लाखन की चारपाई बनाई थी। लाखन के घर के बाहर पिता की चारपाई बनाने वाली बसुली मिली है। बेटी ने गांव के रामबाबू व लाखन समेत तीन लोगों पर हत्या का शव जताया है।
कोतवाल अमरनाथ यादव ने बताया कि नामजद लोगों पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। शिवपाल की मौत से बेटे बहू रेनू, बेटी सुनीता, शीला, मीना समेत अन्य स्वजन बेहाल हैं।
राजस्थान से शनिवार को ही आ गया था छोटा बेटा
पिता के लापता होने की जानकारी पर छोटा बेटा बबलू शनिवार को ही गांव आ गया था। सऊदी अरब में दो साल से रह रहे बड़े बेटे राजकुमार को जैसे ही पिता की हत्या किए जाने व शव खेत में मिलने की जानकारी मिली तो वह बेहाल हो गया। उसने जल्द गांव पहुंचने की स्वजन से बात कही है।
पुलिस बोली बहू ने देर से दी सूचना
कोतवाल अमरनाथ यादव ने बताया कि बहू को ससुर के लापता होने की जानकारी बहुत पहले मिल गई थी।लेकिन उसने न ही पति को सूचना दी और न ही पुलिस को। 19 फरवरी को उसने राजस्थान में रहने वाले देवर को जानकारी दी।देवर के कहने पर 20 फरवरी को कोतवाली आकर जानकारी दी। जिस पर गुमशुदगी दर्ज कर तलाश की जा रही थी। सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है।
अर्द्धनिर्मित दुकान में मिला युवक का शव, हत्या का आरोप
औरास: क्षेत्र के हिम्मतखेड़ा गांव निवासी 40 वर्षीय राजू पुत्र मूलचंद्र गौतम का शव गांव के ही एक अर्द्धनिर्मित दुकान में पड़ा मिला। ग्रामीणों ने बताया कि शनिवार रात राजू गांव के शिशुपाल के अर्द्धनिर्मित दुकानों में लेटने गया था। वह अक्सर वहीं पर लेटा करता था। पास में ही एक अन्य मजदूर भी लेटते थे। सुबह शव देख स्वजन को जानकारी दी। स्वजन ने दोपहर बाद पुलिस को जानकारी दी। मां ने हत्या का आरोप लगाया है। प्रभारी निरीक्षक संजीव कुशवाहा ने बताया कि राजू नशे की हालत में शनिवार रात शिशुपाल की अर्द्धनिर्मित दुकानों में लेटने गया था। अत्यधिक नशे में चारपाई से औंधे मुंह नीचे गिरने से मौत की आशंका है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। दिवंगत राजू तीन भाइयों मे दूसरे नंबर का था। चार बहनों की शादी हो चुकी है। दोनों भाई दयाशंकर, संजय लुधियाना में मजदूरी करते हैं। राजू की पत्नी दुर्गा 20 वर्ष से अलग मायके में रह रही है।
यह भी पढ़ें- कोटा में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर कार-ट्रक की टक्कर, महाकाल के दर्शन कर लौट रहे रूरा के तीन युवकों की मौत
यह भी पढ़ें- 12वीं के बाद सीधे शिक्षक बनने का मौका: CSJMU Kanpur में BA-BEd और BSc-BEd, 2026-27 से शुरू होगा कोर्स
यह भी पढ़ें- CSJMU Kanpur में बड़ा बदलाव, परीक्षाओं में अब AI की एंट्री, IIT बनाएगा पूरा रोडमैप
यह भी पढ़ें- उन्नाव में शादी समारोह में खूनी संघर्ष, आगवानी में डांस के दौरान विवाद में चली गोली |
|