संवाद सूत्र, इटियाथोक (गोंडा)। बलरामपुर मार्ग पर शिवगढ़ पौधाशाला के पास रोडवेज बस की टक्कर से उतरौला रोड स्थित धनौली निवासी दीपांशु व आकाश की मौत हो गई। दोनों बलरामपुर खलवा स्थित अपने बुआ की लड़की की शादी से लौट रहे थे, तभी हादसे का शिकार हो गए। मृतक के ममेरे भाई ने अज्ञात रोडवेज चालक के खिलाफ तहरीर दी है।
उतरौला रोड स्थित धनौली गांव निवासी श्रीराम साहू ने बताया कि उनका बेटा आकाश व भतीजा दीपांशु साहू शुक्रवार की शाम खलवा मुहल्ला जनपद बलरामपुर में अपने बुआ की लड़की के शादी में गए थे। शनिवार को वे दोनों वापस घर आ रहे थे। रास्ते में खरगूपुर थाना क्षेत्र के शिवगढ़ पौधशाला के पास रोडवेज बस ने बाइक में टक्कर मार दी, दोनों सड़क पर गिर गए।
नहीं लगाई थी हेलमेट
हेलमेट न लगाने के कारण सिर में चोट लगने से दोनों की मौत हो गई। घटना के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया। आकाश अपनी तीन बहनों में आंचल, काजल व अंजू का इकलौता भाई था, जो इंटरमीडियट की परीक्षा दे रहा था।
यह भी पढ़ें- मनकापुर पुलिस को लगा करारा झटका, पशु क्रूरता और मांस बिक्री में गिरफ्तार आरोपित की रिमांड खारिज
दो भाईयों में सबसे बड़ा दीपांशु दिल्ली में रहकर फर्नीचर का काम कर रहा था। वह दो दिन पहले शादी में शामिल होने के लिए आया था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दोनों युवक हेल्मेट नहीं लगाए थे, जिससे सिर में गहरी चोट लगी और मौत हो गई। खरगूपुर के थाना प्रभारी निरीक्षक शेषमणि पांडेय ने कहा कि तहरीर मिली है। मुकदमा किया जा रहा है। |