टाटा मेन अस्पताल में खड़े मृतक के परिजन।
जागरण टीम, जमशेदपुर/आदित्यपुर। लौहनगरी और आसपास के क्षेत्रों के लिए शुक्रवार का दिन हादसों भरा रहा। साकची में एक सड़क दुर्घटना ने सात माह की गर्भवती पत्नी के सिर से सिंदूर उजाड़ दिया, तो वहीं आदित्यपुर में एक ट्रैक्टर चालक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।
साकची: ट्रक की चपेट में आने से जोमैटो डिलीवरी बॉय की मौत साकची गोलचक्कर के पास गुरुवार देर रात एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार शुभ्रज्योति नंदी को कुचल दिया। शुभ्रज्योति आदित्यपुर की एक निजी कंपनी में काम करने के साथ-साथ पार्ट-टाइम जोमैटो में डिलीवरी बॉय का कार्य करता था। गंभीर हालत में उसे टीएमएच ले जाया गया, जहां उसने दम तोड़ दिया। मृतक के पिता वरुण चंद्र नंदी और परिजनों ने मुआवजे की मांग को लेकर शव का पोस्टमार्टम और अंतिम संस्कार करने से इंकार कर दिया है।
परिजनों ने बताया कि शुभ्रज्योति की पत्नी सात माह की गर्भवती है और वह घर में एकमात्र कमाने वाला सदस्य था। पुलिस ने ट्रक जब्त कर लिया है, लेकिन परिजन मालिक को बुलाने की मांग पर अड़े हैं।
आदित्यपुर: फंदे से झूलता मिला ट्रैक्टर चालक का शव गम्हरिया प्रखंड के मुड़कुम गांव में 28 वर्षीय ट्रैक्टर चालक पुष्पायन नायक का शव उसके घर में फंदे से लटका पाया गया। घटना के समय घर पर कोई सदस्य मौजूद नहीं था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आत्महत्या के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है, पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बिष्टुपुर: बाइक सवारों को बचाने के चक्कर में पलटा ट्रक
बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के मरीन ड्राइव (XLRI गोलचक्कर) के पास शुक्रवार सुबह करीब 5:30 बजे आयरन स्पंज से लदा एक 10 चक्का ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गलत दिशा से आ रही दो बाइकों को बचाने के चक्कर में चालक ने अचानक ब्रेक मारा, जिससे संतुलन बिगड़ गया।
स्थानीय लोगों ने पुलिस की सक्रियता पर सवाल उठाए हैं, क्योंकि सुबह 5:30 बजे हुई घटना के बाद पुलिस टीम सुबह 11 बजे मौके पर पहुंची। हालांकि, इस हादसे में कोई जानमाल का नुकसान नहीं हुआ है। |
|