search

मुजफ्फरपुर में गैस गोदाम लूटने वाला अंतरजिला गिरोह पकड़ा गया, सरगना समेत तीन गिरफ्तार

cy520520 Yesterday 20:27 views 690
  

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।  



जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर । जिले की विशेष पुलिस टीम ने गैस गोदाम व एजेंसी में लूट एवं चोरी करने वाले अंतरजिला गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस दौरान गिरोह के सरगना समेत तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया गया है।

एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने शुक्रवार को प्रेस कांफ्रेंस कर इसकी जानकारी दी। इसके ठिकाने से 72 गैस की टंकी, घटना में प्रयुक्त एक कार और एक मोबाइल जब्त किया गया है। पूछताछ में और कई बदमाशों के नाम सामने आए है। उन सभी की गिरफ्तारी को कार्रवाई चल रही है।

बताया गया कि 10 फरवरी को जैतपुर थाना अंतर्गत खैरा स्थित विदिशा गैस एजेंसी के गोदाम में चोरी की घटना को अंजाम दिया गया था। राजेंद्र प्रसाद के आवेदन पर जैतपुर थाना में प्राथमिकी की गई थी।

घटना की गंभीरता को देख एसएसपी के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया था। टीम में डीआइयू व थानाध्यक्ष जैतपुर समेत अन्य पुलिसकर्मियों को शामिल किया गया था। गठित विशेष टीम द्वारा मानवीय एवं तकनीकी बिंदुओं के आधार पर घटना में संलिप्त अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापामारी की जा रही थी।  
कुढ़नी के सिक्कु की गिरफ्तारी के बाद सभी पकड़ाए

इसी क्रम में गुरुवार को मिली इनपुट पर गठित टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना में संलिप्त व गैस गोदाम-एजेंसी में चोरी करने वाले अंतरजिला गिरोह के बदमाश कुढ़नी मुजफ्फरा कमतौल के सिक्कु कुमार को घटना में प्रयुक्त कार के साथ गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार बदमाश के स्वीकारोक्ति बयान एवं निशानदेही पर मोतीपुर नरियार के सरगना नरेश दास को चोरी की गैस टंकी के साथ गिरफ्तार किया गया। इसके बाद उसके सहयोगी बदमाश तुर्की लदौरा के सूरज कुमार को गिरफ्तार किया गया।

पूछताछ में पता चला कि इस गिरोह के बदमाशों द्वारा जिला व सीमावर्ती जिलों के विभिन्न थाना क्षेत्रों में गैस गोदाम/एजेंसी में लूट एवं चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया गया है।

अब तक की जांच में गिरफ्तार बदमाशों के स्वीकारोक्ति बयान तथा तकनीकी साक्ष्य से करीब एक दर्जन केसों में इन सभी की संलिप्तता पायी गई है। इसकी गिरफ्तारी से मुजफ्फरपुर व अन्य जिलों के विभिन्न थानों में एक दर्जन से अधिक घटनाओं का पर्दाफाश हो गया है।

कहा गया कि गिरफ्तार बदमाशों के विरुद्ध पर्याप्त साक्ष्य मौजूद है। शीघ्र चार्जशीट दायर कर स्पीडी ट्रायल से सजा दिलाने की कवायद की जाएगी।  
वैशाली, पूर्वी चंपारण व मुजफ्फरपुर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में दे रहे थे अंजाम

एसएसपी का कहना है कि इन बदमाशों की गिरफ्तारी से वैशाली, पूर्वी चंपारण व मुजफ्फरपुर के विभिन्न थानों में दर्ज 11 घटनाओं में संलिप्तता सामने आई है। इन बदमाशों के द्वारा अहियापुर थाना क्षेत्र में पिछले पखवारे गोदाम से गैस सिलेंडर लूट को अंजाम दिया गया था।

इसके अलावा मोतीपुर थाना क्षेत्र में इसी साल गैस गोदाम से चोरी, मीनापुर (पानापुर ओपी) क्षेत्र में पिछले साल गैस गोदाम से चोरी, बरियारपुर थाना क्षेत्र में इस साल गैस गोदाम से चोरी, सरैया और देवरिया थाना क्षेत्र में पिछले साल घटना को अंजाम दिया गया था।

इसके अलावा मेहसी (पूर्वी चंपारण) थाना क्षेत्र में पिछले साल, चकिया (पूर्वी चंपारण) थाना क्षेत्र में पिछले साल की घटना, पताही थाना क्षेत्र में पिछले साल की घटना, बेलसर ओपी (वैशाली) और वैशाली थाना क्षेत्र में भी इस साल की हुई घटनाओं में अपनी संलिप्तता को स्वीकार किया है। इनकी गिरफ्तारी से 12 घटनाओं का उद्भेदन हुआ है।  
नरेश का रहा पुराना आपराधिक रिकार्ड, सभी बदमाशों को रिमांड पर लेगी पुलिस

गिरफ्तार बदमाश नरेश दास का पुराना आपराधिक रिकार्ड है। उसके विरुद्ध उत्पाद थाना में पिछले साल के उत्पाद अधिनियम के दो मामले दर्ज है। इसके अलावा अन्य थानों से संपर्क कर रिकार्ड खंगाला जा रहा है।

लंबित केसों में सभी बदमाशों को संबंधित थाने की पुलिस रिमांड पर लेने की कार्रवाई करेगी। पिछले दिनों वैशाली में लूट के बाद एक पिकअप को मनियारी इलाके से जब्त किया गया था। -
like (0)
cy520520Forum Veteran

Post a reply

loginto write comments
cy520520

He hasn't introduced himself yet.

510K

Threads

0

Posts

1610K

Credits

Forum Veteran

Credits
160858