एक करोड 82 लाख से बनेगा भाईं नहर का पुल।
संवाद सूत्र, सुलतानपुर। भाईं नहर के सकरे पुल की सूरत अब बदलेगी। एक करोड़ 82 लाख 56 हजार की लागत से पुल का पुर्न निर्माण कराया जाएगा। इस पुल का पुर्ननिर्माण कराने के लिए विधायक विनोद सिंह ने मुख्यमंत्री को कई बार पत्र लिखा था।
उत्तर प्रदेश शासन के संयुक्त सचिव रमाकान्त वर्मा ने सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग को पत्र भेजकर पुल का चौड़ीकरण कराने की स्वीकृति प्रदान की है। इसके लिए धन का भी आवंटित हो चुका है।
ट्रक और बस लेकर आने जाने वाले चालकों को इस पुल से वाहन घुमाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। इसके बनने के बाद चालक सुरक्षित आवागमन कर सकेंगे। यहां के लोग इस सकरा पुल का पुर्ननिर्माण होने के बाद आए दिन हो रही दुघर्टनाओं से छुटकारा मिलने की उम्मीद जता रहे हैं।
जौनपुर शाखा नहर किलोमीटर 105.368 पर भाईं में यह सकरा पुल स्थित है। भाईं भादर का यह मार्ग अमेठी जिले को भी जोड़ता है।
इस पुल से प्रतिदिन अनगिनत लोग आवागमन करते हैं। यहां के अशोक अग्रहरि, सत्य नारायण चौरसिया, मनोज जायसवाल ने बताया कि इस पुल से ट्रक चालकों को वाहन घुमाने में नाकों चने चबाने पड़ते हैं।
दो से तीन बार आगे पीछे करने के बाद ही ट्रक चालक वाहन लेकर आगे बढ़ पाते थे। बताया कि पुल पर कई बार दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। इन लोगों ने विधायक के इस प्रयास की सराहना की है।
जल्द शुरू होगा निर्माण- विधायक
विधायक विनोद सिंह ने कहा कि भाईं नहर के पुल के पुर्ननिर्माण की मंजूरी मिल चुकी है। जल्द ही निर्माण शुरू होगा। कहा कि क्षेत्र का विकास उनकी पहली प्राथमिकता है। इसी उददेश्य को लेकर वह हमेशा क्षेत्र के विकास के लिए प्रयत्नशील रहते हैं। |
|