बिजली विभाग की टीम पर हमला (वीडियो ग्रैब)
डिजिटल डेस्क, जबलपुर। दमोह शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित गढ़ी मोहल्ला में अवैध बिजली कनेक्शन की जांच करने पहुंची बिजली विभाग की टीम पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया है। पुलिस ने सात आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
मेंटेनेंस अधिकारी एमएस राय के अनुसार अधिकारियों के निर्देश पर विभागीय टीम गढ़ी मोहल्ला में चेकिंग के लिए पहुंची थी। यहां बूटी खान नामक महिला द्वारा सीधे बिजली के खंभे से डोरी डालकर अवैध रूप से बिजली उपयोग किए जाने की जानकारी मिली। कर्मचारियों ने जब अवैध तार हटाया तो विवाद की स्थिति बन गई।
आरोप है कि महिला और उसके परिजन शायरा बानो, अजीज खान, सोनू और सप्पू सहित अन्य लोगों ने टीम के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और पथराव किया। इस दौरान कर्मचारियों के मोबाइल फोन तोड़ दिए गए। घटना में कनिष्ठ अभियंता शिवानी गुप्ता, पूजा, राजेश व्यास, लाइनमैन गुरदीप सिंह और हेमराज सहित अन्य कर्मचारी मौजूद थे। स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन आरोपियों ने हमला जारी रखा।
यह भी पढ़ें- जबलपुर के सिहोरा में तनाव के बाद पुलिस का पहरा, थाने के सामने हिंदू कार्यकर्ताओं ने किया हनुमान चालीसा पाठ
कर्मचारियों ने घटना का वीडियो बनाने का प्रयास किया, जिसे आरोपियों ने छीन लिया। बाद में अन्य कर्मचारियों द्वारा बनाया गया वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। जान बचाकर सभी कर्मचारी कोतवाली थाना पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई।
सीएसपी एचआर पांडे ने बताया कि बिजली विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ मारपीट के मामले में लगभग सात आरोपियों पर विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है। |
|