LHC0088 • 1 hour(s) ago • views 957
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने निवेशकों के 110 करोड़ रुपये हड़पने के मामले में अनी समूह की 7.30 करोड़ रुपये की संपत्तियां कुर्क की हैं। ईडी के लखनऊ स्थित जोनल कार्यालय ने धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत अनी बुलियन ट्रेडर्स एवं अन्य के विरुद्ध दर्ज मनी लान्ड्रिंग के मामले में तीन अचल और एक चल संपत्ति को अस्थायी तौर पर कुर्क किया है। इनमें अनी बुलियन इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड के नाम पर लखनऊ, दिल्ली और उत्तरकाशी में स्थित अचल संपत्तियों के अलावा एक फिक्स्ड डिपाजिट (एफडी) भी शामिल है।
ईडी ने अजीत कुमार गुप्ता और अन्य के खिलाफ दर्ज विभिन्न एफआइआर और शिकायतों के आधार पर मामले की जांच शुरू की थी। ईडी की जांच में यह बात सामने आई है कि अजीत कुमार गुप्ता और उसके सहयोगियों ने लोगों को फर्जी निवेश योजनाओं का लालच देकर करीब 110 करोड़ रुपये की ठगी की थी।
निवेशकों से जुटाई गई राशि को अनी समूह की विभिन्न कंपनियों और आइविजन क्रेडिट को-आपरेटिव सोसाइटी के माध्यम से दूसरे बैंक खातों में स्थानांतरित किया गया था। सोसाइटी पर भी अजीत कुमार गुप्ता का नियंत्रण था।
ईडी के अनुसार, ठगी से प्राप्त धन का उपयोग अनी बुलियन इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड के नाम पर विभिन्न संपत्तियां खरीदने में किया गया। इससे पहले वर्ष 2023 में भी ईडी ने अजीत कुमार गुप्ता, उनकी पत्नी निहारिका सिंह (आइएफएस) और अनी ग्रुप की 9.1 करोड़ रुपये की संपत्तियां कुर्क की थीं। अब तक इस मामले में कुल 16.4 करोड़ रुपये की संपत्तियां अटैच की जा चुकी हैं।
यह भी पढ़ें- सीएम योगी के बाद दोनों उप मुख्यमंत्रियों ने की मोहन भागवत से मुलाकात, निकाले जा रहे राजनीतिक मायने |
|