लोहरदगा में तेज रफ्तार का कहर
जागरण संवाददाता, लोहरदगा। अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में तीन युवकों की मौत हो गई है। जिससे क्षेत्र में शोक का माहौल है। पहली घटना बीते देर शाम गुमला जिले के नावाडीह गढ़हा में हुई, जहां बाइक सवार युवक को किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी।
दुर्घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे इलाज के लिए लोहरदगा सदर अस्पताल लाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतक की पहचान लोहरदगा जिला के सदर थाना क्षेत्र के भक्सो निवासी जादू उरांव के पुत्र विजय उरांव के रूप में की गई है। वहीं दूसरी घटना गुरुवार दोपहर लोहरदगा जिला के सदर थाना क्षेत्र के हेसल के समीप हुई। यहां एक तेज रफ्तार ट्रक और बाइक के बीच जोरदार टक्कर हो गई।
दो युवकों की घटनास्थल पर ही मौत
टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार दो युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस और स्थानीय लोगों के सहयोग से दोनों शवों को लोहरदगा सदर अस्पताल पहुंचाया गया।
पुलिस दोनों युवकों के पहचान करने की कोशिश कर रही है। वहीं मामले में आगे की जांच और कार्रवाई की जा रही है। |