प्रतीकात्मक तस्वीर
संवाद सूत्र, जागरण सीतापुर। नैमिषारण्य के ठाकुर नगर में घरेलू विवाद में मझले भाई ने बड़े और छोटे भाई पर बुधवार देर रात चाकू से हमला कर दिया। बचाव करने आई बड़े भाई की पत्नी को भी उसने चाकू घोंप दिया। इसमें बड़े भाई व भाभी की मौत हो गई, जबकि एक को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
श्यामू का अपने बड़े भाई हरीश और छोटे रामू से विवाद हो रहा था। इसी दौरान श्यामू ने दोनों भाइयों पर चाकू से वार कर दिया। बीच बचाव करने आई हरीश की पत्नी पूनम को भी उसने चाकू घोंप दिया। तीनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नैमिषारण्य ले जाया गया, जहां पूनम और हरीश को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि रामू को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
आरोपित मौके से भाग गया। अपर पुलिस अधीक्षक दुर्गेश सिंह ने बताया कि आरोपित की तलाश की जा रही है।
आए दिन होता था विवाद
बताया जाता है कि श्यामू शराब के नशे का आदी है। इसको लेकर घर में आए दिन विवाद होता रहता था। इस बार उसने इतनी बड़ी वारदात कर दी।
यह भी पढ़ें- सीतापुर में दर्दनाक हादसा: तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को मारी टक्कर, ससुर-दामाद समेत 3 लोगों की मौत |