search

विमान यात्री के लगेज की टूटी सील, कीमती सामान गायब; शिकायत के बाद इंडिगो एयरलाइन नहीं कर रहा जांच की पुष्टि

Chikheang 1 hour(s) ago views 702
  



जागरण संवाददाता, लखनऊ। इंडिगो एयरलाइन की कनेक्टिंग उड़ान से झारसुगुड़ा से लखनऊ पहुंचे एक यात्री के बैग की सील टूटी हुई मिली। बैग खोलकर देखा तो उसके भीतर रखी कीमती घड़ी गायब मिली। यात्री ने कस्टमर केयर पर शिकायत की तो दिल्ली और झारसुगुड़ा एयरपोर्ट के सीसीटीवी फुटेज खंगालने का दावा करते हुए एयरलाइन ने इस घटना की पुष्टि ही नहीं की। अब यात्री ने इंडिगो एयरलाइन से इसकी फिर से शिकायत दर्ज करायी है।

यात्री सक्षम पाठक परिवार के साथ 14 फरवरी को उड़ान संख्या 6ई-6130 से झारसुगुड़ा से दिल्ली होकर लखनऊ आ रहे थे। झारसुगुडा एयरपोर्ट पर उन्होंने अपने लगेज को चेकइन के दौरान कार्गो के लिए अपना लगेज को सील करके बोर्डिंग काउंटर पर सौँप दिया। जब उड़ान दिल्ली होकर लखनऊ पहुंची तो उसकी सील खुली पायी गई। शक होने पर यात्री सक्षम पाठक ने उसे खोलकर देखा तो भीतर रखी एक कीमती घड़ी गायब थी।

यात्री ने सामान की स्कैनिंग कर कीमती सामान चोरी का आरोप लगाया। इस पर इंडिगो एयरलाइन के कस्टमर केयर की ओर से बताया गया कि वह इस मामले की जांच कर रहा है। यात्री ने एयरपोर्ट पर रहते हुए अपने परिवार की फोटो भी जांच में मदद के लिए भेजी।

इस पर इंडिगो एयरलाइन की ओर से कहा गया कि वह सीसीटीवी फुटेज की जांच करा रहा है, इसमें 48 घंटे तक का समय लग सकता है। इंडिगो ने बाद में फिर से एक ईमेल भेजा और कहा कि उसकी ओर से झारसुगुडा एयरपोर्ट की जांच हुई जिसमें बैग को किसी तरह की छेड़छाड़ नहीं मिली है। इंडिगो ने यहीं रिपोर्ट दिल्ली एयरपोर्ट पर जांच के बाद भी भेजी है। यात्री का कहना है कि चेकइन के बाद सामान तो एयरलाइन की कस्टडी में था, सवाल अब भी यह है कि यदि बैग में कोई छेड़छाड़ नहीं हुई तो कीमती सामान गायब कैसे हो गया ?
यह हैं नियम

यदि किसी यात्री के चेकइन लगेज के भीतर कोई प्रतिबंधित वस्तु है तो इसकी सूचना प्रस्थान गेट पर तैनात सीआइएसएफ जवान या एयरलाइन कर्मी को देना चाहिए। गेट पर पहुंचने पर उस यात्री को बताया जाता है कि आपके बैग में कोई संदिग्ध वस्तु है। आप संबंधित काउंटर पर संपर्क करें। उस काउंटर पर पहुंचकर यात्री के सामने ही लगेज को खोलकर उसमें रखे सामान को बाहर निकालना होता है। इस प्रोटोकाल का पालन एयरलाइन ने यात्री सक्षम पाठक के मामले में नहीं किया।  
ऐसे मामला रफा-दफा करती हैं एयरलाइन

यात्रियों का सामान चोरी होने की कई घटनाएं सामने आ रही हैँ। वहीं, कई बार यात्रियों का लगेज ही विमान में नहीं लोड हो पाता है। यात्री प्रांजल द्विवेदी शादी के बाद घूमने लखनऊ से बेंगलुरु होकर गोवा एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान आइएक्स-1959 से 16 फरवरी को रवाना हुए। बेंगलुरु पहुंचे तो पता चला कि एक बैग लखनऊ में छूट गया है। एयरलाइन के अधिकारियों से संपर्क किया तो उनको कभी एक काउंटर तो कभी दूसरे काउंटर पर भेजा गया। आखिर में उनको गेट के बाहर कर दिया गया। बिना लगेज के ही वह बेंगलुरु से गोवा रवाना हो गए। पूछने पर बताया गया कि लगेज में कोई संदिग्ध वस्तु थी। हालांकि कोई वस्तु निकाली ही नहीं गयी।
like (0)
ChikheangForum Veteran

Post a reply

loginto write comments
Chikheang

He hasn't introduced himself yet.

510K

Threads

0

Posts

1610K

Credits

Forum Veteran

Credits
163988