LHC0088 • 2 hour(s) ago • views 540
बेटे के झगड़े में गए पिता की गोली मारकर हत्या।
जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली। नंद नगरी इलाके में नाबालिग बेटे के झगड़े में बीच बचाव करने गए पिता के सीने में दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी। 15 साल के नाबालिग ने काल करके अपने माता-पिता को मौके पर बुलाया था। आरोप है कि माता-पिता को देखते ही आरोपित भड़क गए और पिता को गोली मार दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपित मौके से भाग गए।
आशंका है कि वारदात को अंजाम देने वाला नाबालिग हैं। मृतक की पहचान उमरदीन के रूप में हुई है। नंद नगरी थाना ने हत्या समेत कई धाराओं में केस दर्ज किया है। पुलिस का दावा है आरोपितों की पहचान कर ली गई है। उनकी तलाश में छापेमारी की जा रही है।
उमरदीन अपने परिवार के साथ नंद नगरी इलाके में रहते थे। इनके परिवार में पत्नी राबिया, बेटा तहजीम समेत कई सदस्य हैं। तहजीम दसवीं कक्षा में पढ़ाई करता है और उसकी बोर्ड परीक्षाएं चल रही हैं। वह नंद नगरी बी-दो ब्लाक में ट्यूशन पढ़ता है।
परिवार ने बताया कि वह मंगलवार शाम पांच बजे ट्यूशन पढ़ने के बाद पैदल घर लौट रहा था। जब वह ए ब्लाक स्थित स्कूल के पास पहुंचा तो उसने देखा कुछ युवक उसके दो दोस्तों को पीट रहे हैं। वह अपने दोस्तों को बचाने लगा तो आरोपितों ने उसे भी घेर लिया और मारपीट करने लगे।
पीड़ित ने मौके से मामले की सूचना काल के जरये अपने पिता को दी। कुछ देर में उसके माता-पिता मौके पर पहुंच गए। वह झगड़े में बीच बचाव करवा ही रहे थे कि आरोपित भड़क गए। आरोप है कि आरोपितों ने पहले तीन राउंड गोलियां हवा में चलाई और उसके बाद एक गोली नाबालिग के पिता के सीने में मार दी।
वारदात के बाद आरोपित मौके से भाग गए। घायल हालत में उमरदीन को जीटीबी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
शादी की सालगिरह पर दिया वारदात को अंजाम
मृतक के परिवार ने बताया कि 17 फरवरी को उमरदीन की शादी को 17 वर्ष पूरे हो गए हैं। घर में खुशी का माहौल था। उमरदीन की चारों बच्चियां रात को सालगिरह के कार्यक्रम की तैयारियों में जुटी हुई थी। उमरदीन पेशे से ट्रक चालक थे और उन्होंने सालगिरह की वह छुट्टी पर थे।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आरोपितों की तलाश में छापेमारी की जा रही है। - आशीष मिश्रा, उत्तर पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त
यह भी पढ़ें- दिल्ली के सरकारी स्कूलों में लगेंगी स्मार्ट एआई कक्षाएं, विदेशी भाषाएं भी पढ़ेंगे विद्यार्थी |
|