पैरामेडिकल कॉलेज की छत से कूदकर डी-फार्मा के छात्र ने दी जान।
जागरण संवाददात, मरदह (गाजीपुर)। महेगवां के मां सरस्वती पैरा मेडिकल इंस्टिट्यूट के डी फार्मा अंतिम वर्ष के छात्र विपुल यादव निवासी रूहीपुर छत से कूद गया। गंभीर हालत में उसे मऊ के अस्पताल में ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। चर्चा है कि मोबाइल पर किसी युवती से बातचीत के दौरान आवेश में आकर छात्र ने यह कदम उठाया।
बिरनो के रुहीपुर निवासी विपुल यादव मां सरस्वती पैरा मेडिकल इंस्टिट्यूट के डी फार्मा का अंतिम साल का छात्र था। मंगलवार को वह कॉलेज गया था। कॉलेज की छत पर मोबाइल से किसी युवती से बात कर रहा था।
इसी दौरान वह अचानक छत से नीचे कूद गया। नीचे गिरते ही वह गंभीर रूप से घायल हो गया। कॉलेज प्रशासन और छात्र मौके पर पहुंचे और आनन-फानन उसे इलाज के लिए मऊ स्थित चिकित्सालय ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद शव को उसके पैतृक गांव रुहीपुर लाया गया। शव पहुंचते ही पिता जयप्रकाश यादव, मां शकुंतला देवी और स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल था। विपुल दो भाइयों में बड़ा था, उसका छोटा भाई विकास यादव है। परिवार की महिलाओं के करुण क्रंदन से पूरे गांव में मातम छा गया।
इधर मरदह और बिरनो थाना की पुलिस फोर्स भी रुहीपुर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए कब्जे में लेने का प्रयास किया, लेकिन स्वजन ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया।
देर रात तक मृतक के घर पर आसपास के गांवों से आए सैकड़ों लोगों की भीड़ जुटी रही। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है।
कॉल डिटेल्स से खुलेगा आत्महत्या का राज
कॉलेज प्रशासन व छात्रों के अनुसार वह मोबाइल पर किसी लड़की से बात कर रहा था और आवेश में आकर छत से छलांग लगा लिया। अब मृतक मोबाइल पर किस लड़की से और क्या बात कर रहा था। यह मृतक के कॉल डिटेल्स और पुलिस की जांच के बाद ही स्पष्ट होगा। फिलहाल पुलिस देर रात तक स्वजन को समझाती रही कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा सके।
छात्र के छत से कूदने की सूचना मिलते ही उसे तत्काल मऊ स्थित चिकित्सालय ले जाया गया था, जहां उसकी मृत्यु हो गई। -मनीष यादव, सह प्रबंधक, मां सरस्वती पैरा मेडिकल इंस्टिट्यूट।
यह भी पढ़ें- अयोध्या में पिता की हत्या का बदला लेने के लिए 16 वर्ष बाद हिस्ट्रीशीटर पर चलाई गोली, सगे भाई गिरफ्तार
यह भी पढ़ें- रायबरेली में दर्दनाक सड़क हादसा, ट्रेलर की टक्कर से पिकअप सवार चाचा-भतीजे समेत तीन की मौत |
|