BHU छात्रों ने केंद्रीय कार्यालय पर मंगलवार की दोपहर किया प्रदर्शन।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। काशी हिंदू विश्वविद्यालय के केंद्रीय कार्यालय में मंगलवार की दोपहर धरना देने पहुंचे छात्रों को परिसर से प्राक्टर कर्मियों ने बाहर कर दिया। बाहर निकलते कर्मियों से छात्रों की झड़प भी हुई, हालांकि छात्रों की मांगों को सुनने के लिए विवि प्रशासन के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और उनको समझाने की कोशिश की। प्रदर्शन करने पहुंचे छात्रों की मांग थी कि सीएचएस बीएचयू में बुलेटिन और प्रवेश प्रक्रिया में सुधार अपनाया जाए।
प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने कहा कि बीएचयू के CHS में कक्षा-9 में प्रवेश हेतु सीटों की संख्या का शून्य होना विश्वविद्यालय की गरिमा को ठेस पहुंचा रहा है। बच्चियों को उनकी प्रतिभा के आधार पर प्रवेश के अवसर से वंचित करना अन्याय है। इस समस्या के समाधान के लिए कक्षा-9 में अतिरिक्त सेक्शन बनाने की कृपा की जाए, ताकि सभी छात्राओं को प्रवेश परीक्षा के आधार पर अवसर मिल सके।
इसके अतिरिक्त, CHS BHU में कक्षा-6 में प्रवेश हेतु प्रवेश परीक्षा की प्रक्रिया कोरोना काल से प्रभावित रही है। इस विषय पर भी उचित चर्चा की आवश्यकता है, ताकि छात्रों को समय पर उचित मार्गदर्शन मिल सके। CHS BHU 2026 के सभी कक्षाओं हेतु हॉस्टल आवंटन की सीटों की जानकारी भी बुलेटिन में साझा की जानी चाहिए। यह जानकारी छात्रों और उनके अभिभावकों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है, ताकि वे अपनी योजनाओं को सही तरीके से बना सकें।छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन से अपेक्षा की है कि वे इन मुद्दों पर गंभीरता से विचार करें और शीघ्र समाधान प्रदान करें। शिक्षा का अधिकार सभी का है, और इसे सुनिश्चित करना सभी की जिम्मेदारी है। |